More
    Homeस्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूलों में नियुक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

    स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूलों में नियुक्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

    प्राचार्य से लेकर कनिष्ठ सहायक तक कुल 10 विभिन्न संवर्गों के पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं

     मिशनसच न्यूज, किशनगढ़ बास | प्रदेश के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए रिक्त पदों पर पदस्थापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शिक्षा विभाग द्वारा इसके लिए आधिकारिक विज्ञप्ति जारी की गई है। शिक्षक संघ रेसटा के प्रदेश प्रवक्ता राजीव चौधरी ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया के तहत प्राचार्य से लेकर कनिष्ठ सहायक तक कुल 10 विभिन्न संवर्गों के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र शिक्षक एवं कार्मिक 14 जनवरी से 23 जनवरी की मध्यरात्रि तक शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस बार चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा अथवा साक्षात्कार के आधार पर की जाएगी।

    इन पदों पर होंगी नियुक्तियां

    प्राचार्य एवं प्राध्यापक (विभिन्न विषय), वरिष्ठ अध्यापक (हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, तृतीय भाषा), वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा अध्यापक, पुस्तकालयाध्यक्ष (ग्रेड-II), अध्यापक लेवल-1, प्रयोगशाला सहायक (ग्रेड-III), कंप्यूटर लैब इंचार्ज, वरिष्ठ सहायक एवं कनिष्ठ सहायक पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं।

    एक जिले का ही मिलेगा विकल्प

    निदेशक के निर्देशानुसार अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान पदस्थापन के लिए केवल एक जिले का विकल्प भरना होगा। जिले का विकल्प नहीं भरने पर आवेदन स्वतः निरस्त माना जाएगा। वहीं, वर्तमान पदस्थापित जिले का विकल्प देने पर आवेदक को 10 अतिरिक्त बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे।

    इनके लिए नहीं है अवसर

    महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों अथवा स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूलों में पूर्व की विशेष चयन प्रक्रियाओं के माध्यम से नियुक्त कार्मिक इस बार आवेदन के पात्र नहीं होंगे।

    केवल ये कर सकेंगे आवेदन

    आवेदन केवल माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए ही मान्य होंगे। अन्य विभागों या परियोजनाओं में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत कार्मिक आवेदन नहीं कर सकेंगे। साथ ही आवेदक का शाला दर्पण पोर्टल पर प्रपत्र-10 अपडेट होना अनिवार्य है, क्योंकि चयन से संबंधित डेटा वहीं से लिया जाएगा।

    गृह जिले में जाने का मिलेगा अवसर

    प्रदेश में वर्तमान में 134 स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल संचालित हैं, जिनमें पुराने अलवर जिले के 10 स्कूल भी शामिल हैं। गृह जिले से दूर अन्य जिलों में कार्यरत शिक्षक एवं कार्मिकों को चयन परीक्षा या साक्षात्कार के माध्यम से इन स्कूलों में या अपने गृह जिले में पदस्थापन का अवसर मिलेगा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here