More
    Homeराजनीतिदिल्ली भाजपा के 'खिचड़ी उत्सव' में दिखा शक्ति प्रदर्शन, कार्यकारी अध्यक्ष नितिन...

    दिल्ली भाजपा के ‘खिचड़ी उत्सव’ में दिखा शक्ति प्रदर्शन, कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का जोरदार अभिनंदन

    नई दिल्ली: मकर संक्रांति के अवसर पर दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को जबरदस्त उत्साह और राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिला. अवसर था 'मकर संक्रांति मिलन समारोह' का, जिसमें भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का दिल्ली इकाई द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया. ढोल-नगाड़ों की थाप और 'भारत माता की जय', 'जय श्रीराम' नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने अपने नए कार्यकारी अध्यक्ष का स्वागत किया. इस कार्यक्रम की मुख्य विशेषता भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन की उपस्थिति रही.

    तिल-गुड़ की मिठास और एकजुटता का संदेश

    कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने नितिन नबीन का स्वागत पारंपरिक तरीके से किया. उन्होंने नबीन को मखाने का हार पहनाया और मकर संक्रांति के प्रतीक स्वरूप खिचड़ी व तिल-कुट भेंट किया. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सचदेवा ने कहा, "आज का दिन दोहरी खुशी का है. एक ओर सूर्य देव उत्तरायण हो रहे हैं, तो दूसरी ओर हमें नितिन नबीन जी जैसा कर्मठ और युवा नेतृत्व मिला है. दिल्ली भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता आज संकल्प लेता है कि हम उनके मार्गदर्शन में दिल्ली की सेवा के लिए खुद को समर्पित करेंगे."

     

    प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस मौके पर समस्त दिल्ली वासियों को पर्व की बधाई देते हुए कहा, ''मकर संक्रांति का यह त्यौहार समाज में समरसता और भाईचारे का प्रतीक है. हमें विश्वास है कि जिस तरह सूर्य का प्रकाश अंधकार को मिटाता है, उसी तरह दिल्ली की जनता के आशीर्वाद से प्रदेश में खुशहाली का नया सवेरा आएगा.''

     

    स्वागत से अभिभूत नितिन नबीन ने दिल्ली भाजपा की टीम की सराहना की. राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा "मकर संक्रांति परिवर्तन का पर्व है. आज दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं का यह जोश बता रहा है कि वे दिल्ली के विकास और संगठन की मजबूती के लिए पूरी तरह तैयार हैं. भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है और खिचड़ी उत्सव हमें इसी एकजुटता का पाठ पढ़ाता है." उन्होंने आगामी सांगठनिक कार्यों और चुनावों की ओर इशारा करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को दिल्ली के घर-घर तक पहुँचाएं.

     

    खिचड़ी भोज और सांस्कृतिक समागम

    समारोह के दौरान 'खिचड़ी भोज' का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने एक साथ खाया. इस दौरान दिल्ली के सांसद, विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व मेयर, विधायक, निगम पार्षद सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे. मंच पर कुलजीत चहल, वीरेंद्र सचदेवा, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, बीजेपी सांसद योगेंद्र चंदोलिया विधानसभा, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, संजय मयूख, पूर्वांचल मोर्चा दिल्ली अध्यक्ष संजय ओझा, कमलजीत सेहरावत, महामंत्री विष्णु मित्तल मौजूद थे.

     

    बता दें कि कार्यक्रम के दौरान पूरे कार्यालय परिसर को केसरिया झंडों और फूलों से सजाया गया था. मकर संक्रांति की परंपरा को निभाते हुए कार्यकर्ताओं के बीच तिल-गुड़ और खिचड़ी का प्रसाद भी वितरित किया गया. यह कार्यक्रम ऐसे समय में हुआ है जब नितिन नबीन जल्द ही पार्टी के पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभालने वाले हैं. दिल्ली भाजपा द्वारा आयोजित इस भव्य स्वागत समारोह ने यह स्पष्ट कर दिया है कि संगठन आने वाली राजनीतिक चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार है. वहीं, कार्यकर्ताओं में नए नेतृत्व को लेकर भारी उत्साह है.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here