हाइपरटेंशन दिवस पर जागरूकता रैली, विशेषज्ञ देंगे स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
अलवर। “विश्व हाइपरटेंशन दिवस” के अवसर पर 17 मई 2026, रविवार को अलवर में अवेयरनेस रैली एवं निःशुल्क रक्तचाप और मधुमेह जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्राइवेट हॉस्पिटल एवं नर्सिंग होम सोसाइटी, अलवर तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
प्राइवेट हॉस्पिटल एवं नर्सिंग होम सोसाइटी, अलवर के अध्यक्ष एवं मित्तल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. एस.सी. मित्तल ने बताया कि जागरूकता रैली सुबह 7 बजे मित्तल हॉस्पिटल से शुरू होकर शहर के विभिन्न अस्पतालों और प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मित्तल हॉस्पिटल पहुंचेगी। रैली का उद्देश्य आमजन को उच्च रक्तचाप हाइपरटेंशन के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
रैली के बाद प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु अरोड़ा उच्च रक्तचाप से बचाव, नियंत्रण और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। साथ ही आमजन के सवालों के जवाब भी दिए जाएंगे।
सोसाइटी के सचिव डॉ. तैयब खान ने बताया कि इस वर्ष “विश्व उच्च रक्तचाप दिवस” की थीम “उच्च रक्तचाप को मिलकर नियंत्रित करें” रखी गई है। उन्होंने बताया कि अनियमित दिनचर्या, तनाव, मोटापा, धूम्रपान, मधुमेह, अनिद्रा और असंतुलित आहार उच्च रक्तचाप के प्रमुख कारण हैं। समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह बीमारी हृदय रोग, स्ट्रोक, किडनी रोग और आंखों की समस्याओं का कारण बन सकती है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेंद्र शर्मा मौजूद रहेंगे। इसके अलावा विभिन्न चिकित्सा एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
शिविर संयोजक गिरीश गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन में भारत विकास परिषद, लायंस क्लब अलवर मत्स्य, अलवर जिला स्काउट एंड गाइड फेलोशिप, सद्भाव मंच सहित कई संस्थाओं का सहयोग रहेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

