जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों के क्रम में राजस्थान पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध शुरू किए गए एक माह के विशेष अभियान के शुरुआती बीस दिनों में कड़े एक्शन देखने को मिले हैं। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना तथा आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत करना है।
हार्डकोर अपराधियों और मादक तस्करों पर शिकंजा
अभियान के दौरान पुलिस ने पूरे प्रदेश में 2,067 हार्डकोर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ 2,085 कार्रवाई करते हुए कुल 1,624 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए 848 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज किए गए और 1,158 आरोपियों को दबोचा गया। अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 319 प्रकरण दर्ज कर 396 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता
साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक 624 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 करोड़ 24 लाख से अधिक की राशि को होल्ड कराया है, जिसमें से 2 करोड़ 91 लाख रुपए पीड़ितों के खातों में वापस भी लौटाए गए हैं। इसके अलावा अवैध खनन के विरुद्ध भी 650 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है।
व्यापक नाकाबंदी और यातायात नियमों की सख्ती
प्रदेशभर में 9,663 स्थानों पर नाकाबंदी कर 7 लाख 4 हजार से अधिक वाहनों की जांच की गई है। मोटर व्हीकल (MV) एक्ट के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 32,058 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें बिना हेलमेट के 1,74,904, तेज गति से वाहन चलाने वाले 1,13,651, ओवरलोड वाहन चलाने वाले 19,213 और शराब पीकर वाहन चलाने वाले 16,874 चालकों के खिलाफ कार्रवाई शामिल है।
महिला सुरक्षा और जन-संवाद को प्राथमिकता
अभियान के तहत महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 2,835 मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई तथा 7,545 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा पुलिस और जनता के बीच आपसी समन्वय को बढ़ाने के लिए पूरे प्रदेश में 1,060 कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (CLG) की बैठकें भी संपन्न हुईं। रेंजों के स्तर पर अजमेर, उदयपुर, जयपुर आयुक्तालय और भरतपुर में हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां की गई हैं।


