रेल ओवर ब्रिज निर्माण से सुगम होगा यातायात, सबवे की सुविधा भी मिलेगी, वर्षों पुरानी समस्या का होगा समाधान
खैरथल। शहर में सड़क एवं रेल यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रेलवे द्वारा लगभग 48 करोड़ रुपये की लागत से लेवल क्रॉसिंग संख्या-93 पर दो लेन के रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) तथा हल्के वाहनों के लिए सबवे (एलएचएस) का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है और इसका क्रियान्वयन रेलवे द्वारा सिंगल एंटिटी मॉडल के तहत किया जाएगा, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके।
वर्तमान में लेवल क्रॉसिंग संख्या-93 पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद होने से शहर में बार-बार लंबा जाम लगता है। इससे आमजन, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार आरओबी बनने के बाद सड़क और रेल यातायात पूरी तरह अलग-अलग संचालित होगा, जिससे फाटक बंद होने की समस्या समाप्त हो जाएगी। वाहन चालकों को निर्बाध, सुरक्षित और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त स्थानीय आवागमन को आसान बनाने के लिए हल्के वाहनों हेतु सबवे (एलएचएस) भी विकसित किया जाएगा।
परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए रेलवे प्रशासन राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। रेलवे सीमा से बाहर आवश्यक राइट ऑफ वे (ROW) उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। इसके तहत संभावित अतिक्रमणों की पहचान कर उन्हें हटाने की कार्रवाई भी शुरू की जा रही है, ताकि भूमि उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की देरी न हो और निर्माण कार्य समय पर पूरा किया जा सके।
रेलवे का मानना है कि यह परियोजना खैरथल की भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। आरओबी बनने के बाद शहर की यातायात क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, दुर्घटनाओं का जोखिम कम होगा तथा वर्षों से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार, शिक्षा और दैनिक आवागमन भी अधिक सुगम होगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

