More
    Homeराजस्थानअलवरसमीक्षा बैठक में विकास कार्यों पर जोर, जिला कलक्टर ने दिए सख्त...

    समीक्षा बैठक में विकास कार्यों पर जोर, जिला कलक्टर ने दिए सख्त निर्देश

    पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक में प्रत्येक ब्लॉक में पार्क लाइब्रेरी और मॉडल विलेज विकसित करने की बनाई गई योजना

    अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान गांवों के आम रास्तों, विद्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जलभराव की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने होंगे। साथ ही गांवों में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

    प्रत्येक ब्लॉक में विकसित होंगी पार्क लाइब्रेरी

    जिला कलक्टर ने वीबी-जी-राम-जी योजना के अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक में एक पार्क लाइब्रेरी विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन लाइब्रेरियों में बेहतर फर्नीचर, रोशनी की व्यवस्था, पुस्तक अलमारियां और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

    उन्होंने अधिकारियों से स्थानीय नागरिकों को पुस्तक दान के लिए भी प्रेरित करने को कहा, ताकि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य विषयों से संबंधित अच्छी पुस्तकें उपलब्ध कराई जा सकें।

    प्रत्येक पंचायत समिति में बनेंगे दो मॉडल विलेज

    बैठक में प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र में दो-दो मॉडल गांव विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इन गांवों में खेल मैदान, रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली, स्ट्रीट लाइट, पुस्तकालय, बेहतर सड़कें, पेयजल व्यवस्था और स्वच्छता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

    स्वच्छता और विकास कार्यों पर विशेष ध्यान

    जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था से संबंधित निविदाएं जारी नहीं हुई हैं, वहां 30 अगस्त तक यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। इसके अलावा सांसद एवं विधायक निधि तथा मेवात क्षेत्रीय विकास कार्यक्रम के तहत स्वीकृत कार्यों को 15 अगस्त तक शुरू करने और 10 अगस्त तक तकनीकी स्वीकृति जारी करने के भी निर्देश दिए गए।

    उन्होंने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना 2.0 के अंतर्गत जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित गांवों में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश भी दिए गए।

    जल जीवन मिशन और राजीविका समूहों को मिलेगा लाभ

    बैठक में जल जीवन मिशन के तहत कार्य पूरे होने वाले गांवों में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा राजीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण देने के लिए सीएलएफ भवनों के निर्माण की प्रक्रिया भी तेज करने के लिए कहा गया।

    बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव रविंद्र सालुखे, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता रमेश सैनी, जयपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता जी.एल. बैरवा, वाटरशेड विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेंद्र सिंह मोत्थू, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक लक्ष्मण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here