More
    Homeराजस्थानअलवरआरयूआईडीपी संवाद में विकास कार्यों पर मंथन, शहर के सतत विकास के...

    आरयूआईडीपी संवाद में विकास कार्यों पर मंथन, शहर के सतत विकास के लिए मिले सुझाव

    31.70 करोड़ रुपये की लागत से आरयूआईडीपी परियोजना के विकास कार्य होंगे शुरू, संवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने रखे सुझाव

    अलवर। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण के अंतर्गत अलवर शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, उद्योग संगठनों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने सुझाव और विचार साझा किए।

    जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कहा कि अलवर शहर के सुनियोजित और स्थायी विकास के लिए 31 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के माध्यम से अपशिष्ट जल प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ शोधित जल के पुनः उपयोग को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अलवर शहर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। साथ ही भूजल दोहन को कम करने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से प्राप्त शोधित जल का उपयोग उद्योगों, उद्यानों, बागवानी और सफाई कार्यों में किया जाएगा।

    आरयूआईडीपी के अधिशासी अभियंता अनिल जाटव ने बताया कि एशियाई विकास बैंक के वित्तीय सहयोग से इस परियोजना को क्रियान्वित किया जाएगा। इसका उद्देश्य तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों और उनके आसपास के इलाकों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाना है।

    संवाद कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अन्य हितधारकों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। इनमें शहर की शेष कॉलोनियों में सीवरेज लाइन बिछाने, खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत कराने, बेलाका क्षेत्र में जलभराव की समस्या का समाधान करने तथा शोधित जल को पाइपलाइन के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंचाने जैसे सुझाव शामिल रहे।

    इसके अलावा पार्कों में शोधित जल के उपयोग और वर्षा जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग ढांचे तैयार करने पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने सभी सुझावों पर विचार करने और उन्हें कार्य योजना में शामिल करने का आश्वासन दिया।

    कार्यक्रम में यूआईटी सचिव स्नेहल नाना धाईगुड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर अंबालाल मीणा, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता रमेश चंद सैनी, रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय अधिकारी परेश सक्सेना सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here