इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने सोने की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। अबू धाबी से अवैध रूप से लाए गए करीब 1.28 करोड़ रुपये मूल्य के एक किलोग्राम सोने के साथ 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में विमान कंपनी के कर्मचारी भी शामिल हैं। इंदौर जिला अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
चांदी की चूड़ियों के अंदर छिपाकर लाया गया था सोना
डीआरआई की टीम को लंबे समय से इनपुट्स मिल रहे थे कि अबू धाबी से आने वाली उड़ानों के जरिए इंदौर के सराफा बाजार में अवैध सोना खपाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर 3-4 अगस्त के दौरान चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में दो संदिग्धों को रोका गया। उनके पास से देखने में चांदी जैसी दिखने वाली चूड़ियां बरामद हुईं, जिनकी गहनता से जांच करने पर अंदर ठूंस-ठूंसकर भरा गया खरा सोना बरामद हुआ।
तस्करी के खेल में एयरलाइंस के कर्मचारी भी थे शामिल
जांच आगे बढ़ने पर इस पूरे सिंडिकेट में शामिल गोविंद पोरवाल, एयर इंडिया एक्सप्रेस के ग्राउंड स्टाफ वासुदेव बरनाले, अमन गहलोत, संजय मुंजे और टैक्सी चालक अजय कुमार सेन को गिरफ्तार किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि गोविंद अबू धाबी से सोना लेकर आता था, जिसे ग्राउंड स्टाफ वासुदेव एरोब्रिज के जरिए बिना कस्टम चेकिंग के बाहर निकालकर अपने बाकी साथियों तक पहुंचा देता था।
14 दिन की न्यायिक हिरासत, अन्य कर्मचारियों पर भी नजर
डीआरआई ने बरामद सोने को जब्त कर सभी पांचों आरोपियों को इंदौर जिला न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस तस्करी नेटवर्क के तार इंदौर के स्थानीय सराफा कारोबारियों से जुड़े हैं। फिलहाल एयरपोर्ट पर तैनात कुछ अन्य संदिग्ध कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


