More
    Homeराजस्थानखैरथल46 परिवारों को मिला जमीन का मालिकाना हक, पट्टे मिलने से गड़रिया...

    46 परिवारों को मिला जमीन का मालिकाना हक, पट्टे मिलने से गड़रिया लोहारों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

    महाराणा प्रताप नगर में पट्टे मिलने से बसी नई उम्मीद, विकास और राजनीतिक चर्चाओं के बीच कार्यक्रम रहा खास

    किशनगढ़ बास। नगर पालिका किशनगढ़ बास की ओर से घुमंतू जीवन जीने वाले गड़रिया लोहार समाज के परिवारों को स्थायी रूप से बसाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सोमवार को महाराणा प्रताप नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 46 परिवारों को मालिकाना अधिकार देते हुए भूखंडों के पट्टे वितरित किए गए। लंबे समय से अपने आशियाने और जमीन के अधिकार का इंतजार कर रहे परिवारों के लिए यह दिन खुशी और भावुकता से भरा रहा।

    कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामहेत यादव, उपखंड अधिकारी सत्यवीर सिंह यादव, नगर पालिका चेयरमैन तारामणि सतीश सिंघल, निकाय अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज मित्तल, युवा नेता एडवोकेट विश्वास यादव सहित भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

    जमीन के पट्टे मिलने से परिवारों में खुशी

    महाराणा प्रताप नगर में गड़रिया लोहार समाज के परिवारों को जमीन का मालिकाना अधिकार मिलने के बाद परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। बुजुर्गों, महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने लंबे संघर्ष के बाद मिले इस अधिकार को अपने जीवन की बड़ी उपलब्धि बताया।

    परिवारों ने करीब दो वर्ष पहले यहां तत्कालीन उपखंड अधिकारी के रूप में कार्यरत प्रशिक्षु आईएएस घीरज सिंह के प्रयासों को भी याद किया। बताया गया कि उस दौरान नगर पालिका की बेशकीमती भूमि को कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद गड़रिया लोहार परिवारों को यहां बसाने की दिशा में प्रयास आगे बढ़े।

    दो साल पुराने प्रयास का दिखा परिणाम

    कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामहेत यादव ने तत्कालीन एसडीएम घीरज सिंह के प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जब भूमि खाली कराने की बात सामने आई थी, तब उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि यहां रहने वाले लोग महाराणा प्रताप के वंशज हैं और स्थानीय स्तर पर उनसे संवाद कर समस्या का समाधान किया जा सकता है।

    रामहेत यादव के अनुसार इसके बाद विश्वास यादव, चेयरमैन प्रतिनिधि और अन्य लोगों के साथ प्रशासन की बातचीत हुई। बातचीत के बाद यहां महाराणा प्रताप नगर बसाने की प्रक्रिया आगे बढ़ी और अब दो साल बाद परिवारों को उनके भूखंडों का मालिकाना हक मिल रहा है।

    बाकी परिवारों को भी दिए जाएंगे पट्टे

    पूर्व विधायक रामहेत यादव ने कहा कि जिन परिवारों को सोमवार को पट्टे मिले हैं, उनके अलावा जो परिवार अभी पट्टे से वंचित रह गए हैं, उन्हें भी नियमानुसार पट्टे दिए जाएंगे।

    उन्होंने बताया कि परिवारों को मकान निर्माण के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2.50 लाख रुपये तक का अनुदान मिलने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि इसकी पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये इसी महीने लाभार्थियों के खातों में पहुंचने की उम्मीद है।

    चेयरमैन ने कहा—आज पूरा हुआ मेरा संकल्प

    नगर पालिका चेयरमैन तारामणि सिंघल ने कहा कि उनकी मंशा थी कि गड़रिया लोहार समाज के सभी पात्र परिवारों को जमीन के पट्टे मिलें। उन्होंने कहा कि आज इन परिवारों को मालिकाना अधिकार मिलने के साथ उनका दायित्व पूरा हुआ है।

    कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन जगदीश यादव ने किया। अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थी परिवारों से मुलाकात कर उन्हें पट्टे मिलने पर बधाई दी।

    आगामी विकास और राजनीतिक चर्चाओं के बीच कार्यक्रम

    महाराणा प्रताप नगर में आयोजित पट्टा वितरण कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर आगामी नगर निकाय चुनावों से जुड़ी राजनीतिक चर्चाएं भी तेज नजर आईं। हालांकि, किसी भी पार्टी की ओर से अभी तक आगामी चेयरमैन पद के लिए किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

    कार्यक्रम में युवा नेता एवं एडवोकेट विश्वास यादव की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। स्थानीय राजनीतिक गलियारों में उनके नाम की चर्चा आगामी नगर पालिका नेतृत्व को लेकर होती रही है। हालांकि, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक निर्णय या घोषणा सामने नहीं आई है।

    सैनिक विश्राम गृह की चारदीवारी और इंटरलॉकिंग का लोकार्पण

    कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने सैनिक विश्राम गृह की चारदीवारी निर्माण एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य का लोकार्पण भी किया। इस दौरान सैनिक लीग अध्यक्ष शेर सिंह यादव सहित लीग के पदाधिकारी मौजूद रहे।

    महाराणा प्रताप नगर में पट्टा वितरण और विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ क्षेत्र में आगामी वर्षों के विकास को लेकर भी उम्मीदें जताई गईं। लंबे समय से स्थायी आवास और जमीन के अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे गड़रिया लोहार परिवारों के लिए यह आयोजन नई शुरुआत का संदेश लेकर आया।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here