More
    Homeराजस्थानअलवरअमित शाह के अलवर दौरे की तैयारियां तेज, विजय नगर मैदान में...

    अमित शाह के अलवर दौरे की तैयारियां तेज, विजय नगर मैदान में सभा को लेकर अफसरों ने कसी कमर

    दौरे की तैयारियों का अतिरिक्त मुख्य सचिव ने लिया जायजा, सुरक्षा-व्यवस्था, पार्किंग और सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

    अलवर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 16 अगस्त को प्रस्तावित अलवर दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार ने कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेकर सभा स्थल, पार्किंग, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने विजय नगर मैदान स्थित प्रस्तावित सभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।

    बैठक में पशुपालन विभाग के सचिव विकास भाले एवं संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

    सभा स्थल पर छाया, पानी और मेडिकल व्यवस्था के निर्देश

    अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अमित शाह के कार्यक्रम को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। सभा स्थल पर छाया, बैठक व्यवस्था, बेरिकेडिंग, साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, मेडिकल टीम, सीसीटीवी और चल शौचालयों जैसी व्यवस्थाएं कार्यक्रम से पहले ही सुनिश्चित की जाएं।

    उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और आमजन के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा सभा स्थल के आसपास पर्याप्त और सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    करीब 14 हजार करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास प्रस्तावित

    सभा स्थल के निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि अमित शाह के दौरे में अलवर जिले के लिए 3 लाख लीटर क्षमता के सरस डेयरी प्लांट के शिलान्यास सहित करीब 700 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास प्रस्तावित है।

    इसके साथ ही कोटपूतली-बहरोड़ और खैरथल-तिजारा सहित करीब 1,100 करोड़ रुपये के कार्यों तथा राजस्थान के लिए लगभग 14 हजार करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

    उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ करने के निर्देश दिए।

    रोजगार मेले में नवचयनित कार्मिकों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

    अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान रोजगार मेले का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें नवचयनित कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव एवं किसान सम्मान निधि राशि हस्तांतरण कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

    अतिरिक्त मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम की व्यापकता को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं।

    जिला प्रशासन ने दिया तैयारियां पूरी करने का भरोसा

    जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने अतिरिक्त मुख्य सचिव को आश्वस्त किया कि सभा कार्यक्रम के लिए संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्व सौंप दिए गए हैं। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करेंगे।

    इस दौरान आरसीडीएफ की महाप्रबंधक श्रीमती श्रुति भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, एडीएम प्रथम योगेश डागुर, जिला परिषद के सीईओ सालुखे गौरव रवीन्द्र, एडीएम द्वितीय श्रीमती बीना महावर, एडीएम शहर अम्बालाल मीणा, उपखंड अधिकारी अलवर माधव भारद्वाज, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता भूरी सिंह, जेवीवीएनएल के अधीक्षण अभियंता जे.पी. बैरवा, आरटीओ रवीन्द्र जोशी, सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here