महेंद्र शास्त्री के निधन पर शोक, बोले भंवर जितेंद्र सिंह—अलवर ने अपना भीष्म पितामह खो दिया
अलवर। मुंडावर के पूर्व विधायक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सहकारिता आंदोलन के पुरोधा स्वर्गीय महेंद्र शास्त्री के निधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शास्त्री जी के निधन को कांग्रेस परिवार और अलवर जिले के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि “मुंडावर से पूर्व विधायक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सहकारिता आंदोलन के पुरोधा स्वर्गीय महेंद्र शास्त्री जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।” उन्होंने कहा कि शास्त्री जी जमीन से जुड़े जननेता थे और उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में गरीब, किसान तथा वंचित वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाया।
राजनीतिक और सहकारिता क्षेत्र में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महेंद्र शास्त्री ने मुंडावर से लोकदल के विधायक के रूप में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। बाद में कांग्रेस संगठन से जुड़कर उन्होंने लगातार जनहित के मुद्दों को उठाया और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने में महेंद्र शास्त्री का योगदान अविस्मरणीय रहेगा। राजस्थान राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष से लेकर अलवर केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष तक उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सहकारिता के माध्यम से किसानों और आमजन से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी।
भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि महेंद्र शास्त्री का साहित्य और जनसेवा के प्रति समर्पण भी उल्लेखनीय रहा। उनका जीवन समाज और आमजन की सेवा के लिए समर्पित रहा तथा उनका सरल एवं जमीन से जुड़ा व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि “आज अलवर ने अपना भीष्म पितामह खो दिया है।” उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का जाना केवल राजनीतिक क्षेत्र की क्षति नहीं है, बल्कि सामाजिक और सहकारिता क्षेत्र ने भी एक मार्गदर्शक खो दिया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

