महाराष्ट्र। सितंबर महीने के अंतिम दिनों के साथ ही महाराष्ट्र में मौसम का मिजजा एक बार फिर बदलने लगा है और प्रदेश में गर्मी तथा उमस का असर तेजी से बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में फिलहाल बारिश के कारण हल्की ठंडक महसूस हो रही है, लेकिन अक्टूबर के पहले सप्ताह से ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के स्पष्ट संकेत मिलने लगे हैं। इसके चलते हर साल की तरह इस बार भी 'अक्टूबर हिट' का असर नागरिकों को परेशान कर सकता है।
1 अक्टूबर के बाद तापमान में बढ़ोतरी के संकेत
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के शुरुआती तीन सप्ताह के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 अक्टूबर के बाद महाराष्ट्र के कई इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा सकता है। कोकण, पश्चिमी महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में गर्मी और उमस में भारी इजाफा होने की संभावना जताई गई है। हालांकि 1 अक्टूबर तक विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 2 अक्टूबर के बाद से मौसम शुष्क होने और तापमान में क्रमिक वृद्धि होने के आसार हैं। तटीय क्षेत्रों में उच्च आर्द्रता (Humidity) के कारण उमस भरी गर्मी अधिक परेशान कर सकती है, जबकि आंतरिक जिलों में तीखी धूप अपना असर दिखाएगी।
दिन के साथ रात के तापमान में भी होगी वृद्धि
केवल दिन के समय ही नहीं, बल्कि आने वाले दिनों में न्यूनतम यानी रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज किए जाने के संकेत हैं। अक्टूबर के दूसरे सप्ताह के बाद से रातें भी अपेक्षाकृत गर्म और उमस भरी रह सकती हैं। इससे नागरिकों को दिन की तपीश के साथ-साथ रात के वक्त भी बेचैनी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।
क्यों महसूस होती है ‘अक्टूबर हिट’?
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून की विदाई के बाद बनने वाली मौसमी परिस्थितियों को सामान्यतः 'अक्टूबर हिट' कहा जाता है। इस अवधि में आसमान साफ होने के कारण सूर्य की तेज धूप सीधे जमीन पर पड़ती है, जिससे तापमान में उछाल आता है। इसके अलावा, वातावरण में पहले से मौजूद नमी (नमी की मात्रा) के कारण उमस बहुत ज्यादा बढ़ जाती है, जिससे गर्मी सामान्य से कहीं अधिक महसूस होती है। मौसम में होने वाले इस बदलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, दोपहर के वक्त तेज धूप में बेवजह बाहर निकलने से बचने और गर्मी से बचाव के लिए सभी आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।


