एक महीने तक जिलेभर के स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में पहुंची पुलिस टीम, साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके
अलवर। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से अलवर पुलिस की ओर से पिछले महीने जिलेभर में एक महीने तक विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और साइबर विशेषज्ञों ने विभिन्न स्कूलों एवं कोचिंग संस्थानों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
पुलिस टीमों ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीकों के बारे में समझाया। इसके साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने तथा इंटरनेट पर निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने की जानकारी भी दी गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर अपराध होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। साइबर ठगी की शिकायत के लिए साइबर हेल्पलाइन 1930 का उपयोग करने की जानकारी भी दी गई।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
साइबर जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए अभियान के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इनमें जिले के अलग-अलग स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के समापन के बाद प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को अलवर पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुलाया गया। यहां पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। युवा पीढ़ी साइबर सुरक्षा को लेकर स्वयं जागरूक रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


