सूरजपुर: रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम परशुरामपुर से जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट, अभद्रता और टोनही प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे की है। लगभग 40 वर्षीय पीड़िता जब अपने घर के सामने घरेलू काम कर रही थी, तभी जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर पड़ोस की एक महिला समेत अन्य आरोपी वहां पहुंच गईं। आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपियों ने उसे 'टोनही' कहकर अपमानित किया और गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।
पेड़ से बांधकर की गई मारपीट
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने महिला के साथ जमकर मारपीट की। उसके बाल पकड़कर खींचे गए और फिर घर के सामने स्थित आम के पेड़ से साड़ी के सहारे उसे बांध दिया गया। इस दौरान उसे अभद्र गालियां देने के साथ-साथ जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। महिला के शोर मचाने और विवाद की आवाज सुनकर परिजन व आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद बीच-बचाव कर उसे पेड़ से छुड़ाया गया।
टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत केस दर्ज
घटना के बाद पीड़िता ने रामानुजनगर थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया, पीड़िता और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ-साथ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया।
चार आरोपी महिलाएं गिरफ्तार
जांच के बाद पुलिस ने मामले में संलिप्त चार आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा ने बताया कि शिकायत के आधार पर आगे की विवेचना जारी है।


