परिवार गांव गया तो पीछे से हुई चोरी, राधेनगर-मूंगस्का में मकान का ताला तोड़कर अलमारी से नकदी और आभूषण ले गए चोर
अलवर। अरावली विहार थाना क्षेत्र के रामनगर रोड स्थित राधेनगर, मूंगस्का में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात सामने आई है। चोर मकान से 55 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित रोडवेज विभाग में परिचालक के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार के गांव जाने के दौरान हुई वारदात
पीड़ित रामेश्वर सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह 2 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पूरे परिवार के साथ अलवर स्थित मकान से अपने गांव मौलिया गए थे। 6 अक्टूबर को परिवार सहित वापस लौटे तो मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला।
घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। कपड़े और बिस्तर बिखरे पड़े थे। जांच करने पर अलमारी में रखे 55 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।
सोने की अंगूठियां, चेन और चांदी की पायजेब गायब
रिपोर्ट के अनुसार, चोर अलमारी से सोने की दो अंगूठियां, सोने की चेन, कानों के कुंडल, चांदी की पायजेब और कमर की कोंदनी भी ले गए। पीड़ित ने चोरी की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी, जिसके बाद पुलिस की 112 गाड़ी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज
पीड़ित की रिपोर्ट पर अरावली विहार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक फजरुद्दीन को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


