More
    Homeराजस्थानजयपुरखरगे के बयान पर राजस्थान में सियासी घमासान, मदन राठौड़ ने दी...

    खरगे के बयान पर राजस्थान में सियासी घमासान, मदन राठौड़ ने दी प्रतिक्रिया

    जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ दी गई विवादित टिप्पणी पर राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने कड़ा विरोध जताया है। राज्य के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस बयान की तीखी आलोचना करते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ करार दिया है।

    शब्दों की मर्यादा बनाए रखना जरूरी

    भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने खरगे के बयान को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि राजनीति में विरोध और सरकार की नीतियों की आलोचना का स्वागत है, लेकिन किसी व्यक्ति या उसके परिवार को अपमानित करने वाली भाषा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीति में इस स्तर का हल्कापन नहीं होना चाहिए और देश की जनता इस प्रकार के बयानों का लोकतांत्रिक तरीके से माकूल जवाब देगी।

    पटना के कार्यक्रम में दिया था विवादित बयान

    बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जब खरगे भाषण दे रहे थे, तब मंच के सामने से एक व्यक्ति ने कहा कि 'मोदी नहीं जाएगा'। इस बात से नाराज होकर कांग्रेस अध्यक्ष ने टिप्पणी की, 'मोदी के बाप भी चले जाएंगे।' भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस प्रमुख ने पीएम मोदी के दिवंगत पिता का अपमान किया है, जिसे लेकर देश भर में आक्रोश है।

    खरगे तुरंत माफी मांगें: दीया कुमारी

    उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि खरगे का बयान कांग्रेस के संस्कारों को उजागर करता है। इससे पहले भी कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री की माताजी पर अनर्गल टिप्पणियां की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दिन-रात देश के विकास के लिए समर्पित हैं और उनके परिवार के प्रति ऐसी अभद्र भाषा बेहद आपत्तिजनक है। दीया कुमारी ने कांग्रेस अध्यक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

    कांग्रेस का मानसिक दिवालियापन: शेखावत

    जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी खरगे के बयान पर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की अमर्यादित टिप्पणियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस नेतृत्व ने ऐसे निचले स्तर की भाषा का प्रयोग किया हो। यह बयान सीधे तौर पर कांग्रेस के मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here