नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य की राजनीति में जोड़-तोड़ का दौर तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफा देने वाले पूर्व विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम लिया है। दोनों नेताओं ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आधिकारिक रूप से बीजेपी की सदस्यता ली। उनके साथ ही अमृतसर उत्तर से विधायक रहे पूर्व आईपीएस अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह भी बीजेपी में शामिल हो गए हैं।
पटियाला की राजनीति में बड़ा उलटफेर
पटियाला जिले की समाना विधानसभा सीट से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने रविवार को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। दोनों ही नेताओं का अपने-अपने क्षेत्रों में अच्छा प्रभाव माना जाता है। चुनाव से ठीक पहले इन नेताओं के पाला बदलने को आम आदमी पार्टी के लिए पटियाला और आसपास के इलाकों में बड़ा झटका माना जा रहा है।
बीजेपी का बढ़ा कुनबा
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में तीनों पूर्व विधायकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। पंजाब चुनाव से ठीक पहले इन प्रमुख चेहरों के शामिल होने से बीजेपी को राज्य में अपना जनाधार मजबूत करने में मदद मिलेगी। वहीं, सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के लिए चुनाव से ठीक पहले अपने विधायकों का इस्तीफा देकर विपक्षी दल में जाना एक बड़ी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।


