स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति ने दीपावली पर शहीद स्मारक के लिए तिरंगे द्वार और रोशनी का प्रस्ताव रखा
अलवर। दीपावली के अवसर पर शहीदों की स्मृति में स्थित शहीद स्मारक को आकर्षक रोशनी और तिरंगे थीम से सजाने की मांग उठी है। स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति ने इस संबंध में जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला को पत्र सौंपकर नगर निगम और नगर विकास न्यास के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएं कराने का आग्रह किया है।

समिति अध्यक्ष गौरी शंकर विजय की ओर से दिए गए पत्र में बताया गया है कि समिति पिछले 11 वर्षों से दीपावली पर कंपनी बाग स्थित शहीद स्मारक और घरों में दीप प्रज्वलित कर देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि देती आ रही है।
पत्र में कहा गया है कि दीपावली के अवसर पर नगर निगम और नगर विकास न्यास की ओर से शहर में साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं कराई जाती हैं, लेकिन शहीद स्मारक पर सजावट और रोशनी की व्यवस्था नहीं हो पाती। समिति का मानना है कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों की स्मृति से जुड़े इस स्थल को भी पर्व के अवसर पर विशेष रूप से सजाया जाना चाहिए।
समिति ने जिला कलेक्टर से आग्रह किया है कि संबंधित विभागों को निर्देश देकर शहीद स्मारक के आसपास तिरंगे की थीम पर स्वागत द्वार लगवाए जाएं तथा आकर्षक रोशनी और सजावट की व्यवस्था कराई जाए। इससे शहरवासी दीपावली पर स्मारक पहुंचकर शहीदों की याद में दीप प्रज्वलित कर सकेंगे।
पत्र पर समिति अध्यक्ष गौरी शंकर विजय के हस्ताक्षर हैं। समिति ने प्रशासन से इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

