नवी मुंबई। महाराष्ट्र में त्योहारी सीजन के दौरान नवी मुंबई से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के कोपरखैरणे इलाके में गुरुवार रात अज्ञात कारणों के चलते दो युवतियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई, जिसमें दोनों सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद एक्शन में आई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
घर के बाहर खड़ी युवतियों पर चलाईं गोलियां
यह सनसनीखेज वारदात कोपरखैरणे सेक्टर 1 के एसएस3 इलाके में गुरुवार रात लगभग 9:30 बजे घटी। जानकारी के अनुसार, दोनों सहेलियां अपने घर के बाहर खड़ी होकर बात कर रही थीं, तभी हमलावरों ने उन पर अचानक गोलियां दाग दीं। इस जानलेवा हमले में एक युवती के कान के समीप और दूसरी की पीठ में गोली लगी है।
इलाके में फैली दहशत, आरोपी गिरफ्तार
गोलियों की गूंज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और दोनों युवतियां खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।



