More
    Homeराजस्थानअलवरकिशनगढ़ बास जेल का औचक निरीक्षण: रसोई में बंद मिले CCTV और...

    किशनगढ़ बास जेल का औचक निरीक्षण: रसोई में बंद मिले CCTV और खुले पड़े थे बिजली के तार, सचिव ने दिए सख्त निर्देश

    जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजीत कुड़ी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा; मेनू चार्ट न होने, नालियों में गंदे पानी और शौचालयों की गंदगी पर जताई नाराजगी।

    किशनगढ़ बास (मिशन सच न्यूज)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अजीत कुड़ी ने शुक्रवार को उपकारागृह किशनगढ़ बास का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण खैरथल-तिजारा के अध्यक्ष एवं जिला सेशन न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास के निर्देशन में किया गया। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं, जिन पर सचिव ने जेल प्रशासन को सुधार के सख्त निर्देश दिए।

    रसोई में बंद मिले CCTV, बाहर नहीं था मेनू चार्ट

    निरीक्षण के दौरान सचिव अजीत कुड़ी ने रसोईघर, लीगल एड क्लीनिक, बंदियों के बैरक और प्रीजन हेल्प डेस्क की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। रसोईघर में सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े मिले और बाहर भोजन का मेनू चार्ट भी नहीं लगा था। इस पर उन्होंने कैमरों को शीघ्र चालू करवाने, रसोई में व्हाइट वॉश व विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने और पारदर्शिता के लिए बाहर मेनू चार्ट लगाने के निर्देश दिए।

    खुले तार और गंदे पानी की निकासी पर जताई नाराजगी

    बैरकों के बाहर गंदे पानी की नालियां भरी हुई थीं और विद्युत बोर्ड के तार खुले लटके मिले। सचिव ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कहा कि खुले तार बड़े हादसे को न्योता दे सकते हैं और गंदे पानी से बीमारी फैलने का खतरा है। उन्होंने नालियों की निकासी सुचारू करवाने, बिजली के तारों को सुरक्षित करने और जेल परिसर के अंदर व बाहर स्थित शौचालयों की नियमित सफाई करवाने की हिदायत दी।

    बंदियों से की सीधी बातचीत

    सचिव अजीत कुड़ी ने बंदियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और उन्हें नियमित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंदियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान कारापाल रविन्द्र उपाध्याय, पीएलवी सूरजभान कछवाहा सहित जेल प्रहरी और अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

    Hashtags: #MissionSachNews #KishangarhBasNews #KhairthalTijara #JailInspection #DLSA #RajasthanNews #AlwarNews

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here