भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश में बुनियादी ढांचे के निरंतर विस्तार से आम नागरिकों का दैनिक जीवन सुगम हो रहा है और राज्य की चारों दिशाओं में सड़कों का मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान समय की जरूरतों को देखते हुए अब प्रदेश में फोर-लेन से कम चौड़ी सड़कें नहीं बनाई जा रही हैं, जिसका सीधा लाभ विदिशा सहित राज्य के सभी जिलों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने यह विचार विदिशा जिले की तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति मिलने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री निवास पहुंचे गंजबासौदा क्षेत्र के नागरिकों के अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस दौरान गंजबासौदा विधायक हरिसिंह रघुवंशी की अगुवाई में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों ने विशाल पुष्पहार और पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
हजारों करोड़ की सड़क परियोजनाओं से जुड़ेगा विदिशा और भोपाल
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परियोजनाओं का ब्योरा देते हुए बताया कि भोपाल-विदिशा मार्ग का निर्माण 1,757 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जबकि मेलहुआ-बीना-खिमलासा-मालथोन मार्ग पर 3,272 करोड़ रुपये और अहमदपुर-विदिशा मार्ग पर 112 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि विदिशा और भोपाल को एक साथ मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे राजधानी का संपर्क सीहोर, रायसेन, राजगढ़ और नर्मदापुरम जिलों से भी अधिक सुदृढ़ होगा। इस पूरे विकास का सबसे बड़ा फायदा विदिशा जिले को मिलेगा। जिस प्रकार इंदौर और उज्जैन जुड़वा शहरों के रूप में प्रगति कर रहे हैं, ठीक उसी तर्ज पर भोपाल के साथ विदिशा का जुड़ाव प्रगाढ़ होगा। इन नई सड़कों के बनने से किसानों को अपनी फसल मंडी व बाजार तक ले जाने में सहूलियत होगी और विद्यार्थियों को भी आवागमन में बड़ा लाभ मिलेगा।
रोजगार, शिक्षा और जनकल्याणकारी फैसलों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की अन्य उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। इनमें लगभग एक लाख पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने, अगले दो वर्षों में दो लाख नई भर्तियां करने और बड़े स्तर पर पदोन्नतियां देने जैसे निर्णय शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाने, चिकित्सकों की स्थायी नियुक्ति, फूड पार्क की स्थापना और साल में दो बार लोकसेवा आयोग की परीक्षाएं आयोजित करने का फैसला लिया गया है। साथ ही वृंदावन ग्राम व गीता भवन की शुरुआत, कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने और सरकार व समाज द्वारा मिलकर पर्व-त्योहार मनाने की पहल को आम जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।

