More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़CG में आज होगा स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स कार्यक्रम, 16 अवॉर्ड...

    CG में आज होगा स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स कार्यक्रम, 16 अवॉर्ड किए जाएंगे प्रदान

    रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, कला, पर्यटन तथा विरासत को डिजिटल माध्यम के जरिए राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लक्ष्य से राज्य शासन की ओर से 25 नवंबर को रायपुर में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 आयोजित किया जा रहा है। राज्य में पहली बार हो रहे इस डिजिटल कंटेंट क्रिएटर सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शिरकत करेंगे। यह आयोजन दोपहर 12 बजे होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल रायपुर में होगा और इसका संदेश “अब हर स्क्रीन पर छाएगा छत्तीसगढ़” रखा गया है। छत्तीसगढ़ शासन की ओर से माय सीजी गवर्नमेंट प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित इस समारोह में प्रदेशभर के यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम क्रिएटर्स, फिल्ममेकर्स, फोटोग्राफर्स, ब्लॉगर्स, कलाकारों और स्टोरीटेलर्स को अपनी प्रतिभा दिखाने तथा राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी क्रिएटर्स से बातचीत करने का मौका मिलेगा। इस पहल के जरिए डिजिटल क्षेत्र में नए प्रयोग करने वाली प्रतिभाओं को पहचान देने के साथ ही राज्य में क्रिएटर इकोनॉमी को प्रोत्साहित करने की कोशिश की जा रही है।

    16 मुख्य पुरस्कार और 46 उपश्रेणियों में होगा सम्मान

    समारोह के दौरान 16 मुख्य अवॉर्ड और 46 उपश्रेणियों के तहत बेहतरीन काम करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को कुल 10 लाख रुपये से अधिक की इनामी राशि दी जाएगी। इन पुरस्कार श्रेणियों में लाइफस्टाइल, फूड एंड फैशन, कल्चर, हेरिटेज एंड टूरिज्म, क्रिएटिव, कॉमेडी एंड एंटरटेनमेंट तथा ट्राइबल वॉइस समेत कई क्षेत्र सम्मिलित हैं।

    राष्ट्रीय स्तर के क्रिएटर्स से संवाद और कार्यशालाओं का आयोजन

    इस कार्यक्रम में नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड के छह विजेता क्रिएटर्स और चर्चित आरजे शरत खास तौर पर मौजूद रहेंगे, जबकि जाने-माने डिजिटल क्रिएटर राज शमानी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार विजेता क्रिएटर्स के साथ कार्यशालाएं, विशेषज्ञ सत्र और नेटवर्किंग गतिविधियां भी होंगी। इन सत्रों से राज्य के उभरते डिजिटल क्रिएटर्स को कंटेंट बनाने, नवाचार और डिजिटल माध्यमों की संभावनाओं को समझने का अवसर प्राप्त होगा।

    बस्तर की संस्कृति और आदिवासी परंपराओं की दिखेगी झलक

    समारोह में आधुनिक डिजिटल रचनात्मकता के साथ छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता भी नजर आएगी। भजन क्लबिंग के जरिए भक्ति और संगीत का अनूठा मेल दिखाया जाएगा, वहीं बस्तर रैम्प वॉक में बस्तर के पारंपरिक परिधानों और सांस्कृतिक पहचान की झलक दिखेगी। इसके अलावा पारंपरिक एवं आदिवासी नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का खास आकर्षण रहेंगी।

    डिजिटल मंचों से छत्तीसगढ़ की छवि को मिलेगी नई मजबूती

    इस आयोजन का मकसद प्रदेश के डिजिटल रचनात्मक समुदाय को बड़ा मंच देना और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है। मौजूदा दौर में राज्य के युवा मोबाइल और डिजिटल माध्यमों से छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति, परंपराओं, पर्यटन स्थलों और स्थानीय कथाओं को देश-विदेश तक पहुंचा रहे हैं, और यह सम्मान समारोह ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें नए अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कदम है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here