More
    Homeदुनियादो दिन बंद रहेगा बांग्लादेश! शेख हसीना की पार्टी ने सरकार के...

    दो दिन बंद रहेगा बांग्लादेश! शेख हसीना की पार्टी ने सरकार के सामने रखीं 8 मांगें

    ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की घोषणा किए जाने के साथ ही देश में अशांति और हिंसक घटनाओं का दौर तेज हो गया है। एक तरफ जहां विभिन्न इलाकों से हिंसा व आगजनी की खबरें सामने आ रही हैं, वहीं दूसरी ओर हसीना की पार्टी आवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को पूर्ण लॉकडाउन का आह्वान किया है। पार्टी ने बांग्लादेशी सरकार के सामने शेख हसीना तथा अन्य पार्टी नेताओं पर दर्ज मामलों को वापस लेने समेत कई मांगें रखी हैं। इसी घटनाक्रम के बीच जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने अपना ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया दौरा बीच में ही संक्षिप्त कर स्वदेश लौटने का फैसला किया है, जहां वे पहुंचकर प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात करेंगे।

     

    आवामी लीग की प्रमुख मांगें और बढ़ते विरोध प्रदर्शन

    आवामी लीग ने सरकार के सामने अपनी मांगों का खाका रखते हुए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और पार्टी नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने तथा राजनीति से प्रेरित मामलों को समाप्त करने की मांग की है। पार्टी की दूसरी प्रमुख मांग आवामी लीग पर लगी पाबंदी हटाकर उसे सामान्य राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने की अनुमति देने से जुड़ी है। इसके अलावा राजनीतिक बंदियों की रिहाई और उन पर चल रहे मुकदमे खत्म करने, बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने तथा बिजली, गैस, पानी, ईंधन व खाद जैसी जरूरी वस्तुओं के दाम घटाने की मांग भी शामिल की गई है। बंद पड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों को दोबारा शुरू कर बेरोजगार कामगारों को रोजगार दिलाने, हत्या, दुष्कर्म, जबरन वसूली व लूटपाट पर रोक लगाने के साथ महिलाओं, बच्चों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है। साथ ही प्रेस की स्वतंत्रता बहाल करने, पत्रकारों व सैन्य-नागरिकों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमे वापस लेने और आतंकवादियों व उग्रवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई है। मंगलवार को आवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकाला और बुधवार से प्रदर्शन और तेज करने का ऐलान किया।

     

    मुक्ति संग्राम की वर्षगांठ पर वापसी का फैसला

    शेख हसीना ने अपने स्वदेश लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख को इसलिए चुना है, क्योंकि इसी दिन बांग्लादेश मुक्ति संग्राम की वर्षगांठ और विजय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1971 में 16 दिसंबर को ही पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के समक्ष आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद बांग्लादेश एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में अस्तित्व में आया था। इसी ऐतिहासिक और भावनात्मक दिन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपनी वतन वापसी की तारीख तय की है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here