More
    Homeराजस्थानअलवरसुदामा चरित्र एवं द्वारका लीला की भावपूर्ण कथा में श्रोता हुए भाव-विभोर

    सुदामा चरित्र एवं द्वारका लीला की भावपूर्ण कथा में श्रोता हुए भाव-विभोर


    राजगढ़ बस स्टैंड पर श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन, अमन भारती महाराज के प्रवचनों ने छू लिया दिल

    राजगढ़। कस्बे के नवीन बस स्टैंड पर चल रही श्रीमद् भागवत कथा में बुधवार को अमन भारती महाराज द्वारा सुदामा चरित्र एवं द्वारका लीला की भावपूर्ण कथा का वर्णन किया गया। भावुकता से भरे इन प्रसंगों को सुनकर श्रोता महिला-पुरुष भाव-विभोर हो गए और कथा स्थल पर भावनाओं की गंगा बहती नजर आई।

    अमन भारती महाराज ने सुदामा की दरिद्रता और भगवान श्रीकृष्ण की करुणा का जो जीवंत चित्रण किया, वह श्रोताओं के हृदय को छू गया। उन्होंने बताया कि कैसे भगवान श्रीकृष्ण ने नेत्रों की अविरल धारा से सुदामा के चरण धोए और मित्रता की मिसाल कायम की। द्वारका में श्रीकृष्ण द्वारा सुदामा का स्वागत, उसकी पत्नी की ओर से लाए गए चावल की पोटली का मार्मिक वर्णन, और सच्ची मित्रता के भाव ने पूरे पांडाल को श्रद्धा और भक्ति से सराबोर कर दिया।

    इससे पूर्व महाराज ने दान की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य अनुसार दान अवश्य करना चाहिए। दान से जीवन में सकारात्मकता आती है और यह पुण्य का कार्य है।

    कथा के अंतर्गत सुदामा चरित्र के साथ-साथ सुखदेव विदाई प्रसंग का भी वर्णन हुआ, जिसमें गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता और मित्रता की अमर भावना को उजागर किया गया। अमन भारती महाराज ने कहा कि “सच्चे मित्र और गुरु जीवन के हर मोड़ पर हमारे साथ खड़े रहते हैं, और हमें सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।”

    इस अवसर पर ठिकाना गंगाबाग के महंत प्रकाश दास महाराज, उमाकांत दास गुड्डू महाराज सहित अनेक संत-महंतों ने कथा वाचक का माल्यार्पण कर भावपूर्ण स्वागत किया।

    कार्यक्रम में गायक संजय राजस्थानी और संगीत टीम ने भक्ति संगीत के माध्यम से सत्संग को संगीतमय बना दिया। वहीं, महिलाओं ने भजन सत्संग में भावपूर्ण नृत्य कर आयोजन में भक्ति रस घोल दिया।


    भंडारे का आयोजन आज

    कथा समापन के उपलक्ष्य में गुरुवार, 7 अगस्त को भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां बुधवार से ही शुरू हो चुकी हैं। भंडारे से पूर्व हवन, यज्ञ और महाआरती के साथ विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

    श्रीमद् भागवत कथा का प्रत्येक दिन श्रद्धालुओं के लिए एक नया आध्यात्मिक अनुभव लेकर आया। प्रतिदिन रात्रि को आयोजित जागरण में विभिन्न कलाकारों ने भजनों की मधुर प्रस्तुति दी, जिनमें श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में गोते लगाते रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here