नई दिल्ली। बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शन के बाद अचानक प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर देश छोड़ने वाली शेख हसीना की भारत मदद करेगा। सर्वदलीय बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को मदद का भरोसा दिलाते हुए उन्हें भविष्य की रणनीति तय करने के लिए समय दिया है।
बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी हिंसक प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री हसीना के अचानक इस्तीफा देने और देश छोड़कर जाने से वहां अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है। हसीना सोमवार रात बांग्लादेशी वायुसेना के सी-130 जे सैन्य विमान से भारत पहुंची थीं। वे लंदन भी जा सकती हैं।
भारत बांग्लादेशी सेना के सम्पर्क में
विदेश मंत्री जयशंकर ने संसद भवन में राजनीतिक दलों के नेताओं को बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी और कहा कि भारत पड़ोसी देश में मौजूद 10 हजार से अधिक भारतीय छात्रों की सुरक्षा के लिए बांग्लादेशी सेना के संपर्क में है।
बांग्लादेश के घटनाक्रम को लेकर दलों में सर्वसम्मति
सर्वदलीय बैठक के बाद विदेश मंत्री ने एक्स पर लिखा कि बैठक में बांग्लादेश के हालिया घटनाक्रमों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान ज्यादातर दलों की ओर से जताए गए सर्वसम्मत समर्थन और तालमेल सराहनीय है।
कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रीय हित के मुददे पर कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से सरकार के साथ है।
सर्वदलीय बैठक में ये रहे मौजूद
सर्वदलीय बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, द्रमुक नेता टी आर बालू, राष्ट्रीवादी कांग्रेस पार्टी नेता सुप्रिया सुले सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।


