इंदिरा गांधी स्टेडियम में 14-15 नवम्बर को‘मिशन डायबिटीज मुक्त के तहत लगेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
मिशनसच न्यूज, अलवर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, अलवर शाखा 14 नवम्बर से “मिशन डायबिटीज मुक्त अलवर” अभियान प्रारंभ करने जा रही है। यह पहल भारत सरकार के “फिट इंडिया मूवमेंट” के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रेरित शारीरिक फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है।
इस अभियान का शुभारंभ अलवर सांसद खेल उत्सव 2025 के दौरान इंदिरा गांधी स्टेडियम, अलवर में किया जाएगा। कार्यक्रम के संचालन में केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव (वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री) और राजस्थान सरकार के राज्य मंत्री संजय शर्मा (वन, पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग) का मार्गदर्शन रहेगा।
रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. एस.सी. मित्तल ने बताया कि “मिशन डायबिटीज मुक्त अलवर” के अंतर्गत 14 और 15 नवम्बर को इंदिरा गांधी स्टेडियम में निःशुल्क मधुमेह जांच शिविर लगाया जाएगा, जो सुबह 8:30 से शाम 4:30 बजे तक चलेगा। विशेष रूप से 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों से अपील की गई है कि वे आकर मधुमेह और ब्लड प्रेशर की जांच अवश्य करवाएं।
अभियान के पहले दिन (14 नवम्बर) पाँच मेडिकल मोबाइल यूनिट्स क्रमशः अलवर, राजगढ़, रामगढ़, भिवाड़ी और बहरोड़ क्षेत्रों में सेवाएँ देंगी। अगले दिन (15 नवम्बर) ये सभी यूनिट्स इंदिरा गांधी स्टेडियम, अलवर में उपस्थित रहेंगी।
सोसाइटी के सचिव डॉ. रूप सिंह ने बताया कि “मधुमेह पर नियंत्रण के लिए दवाओं से अधिक जरूरी है जीवनशैली में सुधार।” उन्होंने कहा कि नियमित व्यायाम, पौष्टिक आहार, समय पर विश्राम और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाकर कोई भी व्यक्ति बिना दवा के अपनी शुगर को नियंत्रित रख सकता है।
अलवर जिला कलेक्टर एवं रेड क्रॉस सोसाइटी की अध्यक्षा डॉ. अर्तिका शुक्ला के नेतृत्व में वर्तमान में कुल 5 मेडिकल मोबाइल वैन कार्यरत हैं — जिनमें अलवर, राजगढ़, रामगढ़ में 3 वैन, भर्तहरी (खैरथल-तिजारा-भिवाड़ी) क्षेत्र में 1 वैन, तथा बहरोड़-कोटपुतली जिले में 1 वैन शामिल हैं।
इन यूनिट्स के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच, स्कूलों में बच्चों के नेत्र परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक चिकित्सा सेवाएँ दी जा रही हैं। प्रत्येक वातानुकूलित मोबाइल वैन में एक डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट और ड्राइवर-कम-हेल्पर की टीम तैनात रहेगी।
यह अभियान “डॉक्टर आपके द्वार” थीम पर आधारित है, जिसके माध्यम से अलवर, बहरोड़, नीमराना, बानसूर, थानागाजी, कोटकासिम, किशनगढ़बास, तिजारा, मंडावर, मालाखेड़ा, रैणी, उमरैण, कठूमर, गोविंदगढ़ और रामगढ़ सहित समूचे जिले में ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाई जाएँगी।
रेड क्रॉस सोसाइटी का यह प्रयास अलवर को ‘डायबिटीज मुक्त जिला’ बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- मिशन सच से जुडने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को फॉलो करे https://chat.whatsapp.com/JnnehbNWlHl550TmqTcvGI?mode=r_cइसी तरह की स्टोरी के लिए देखें मिशन सच की अन्य रिपोर्ट https://missionsach.com/dr-dilip-sethi-alwar-pediatrician-biography.html


