More
    Homeअलवर में लोक परिवहन बस ने छीनी युवक की जान: काम से...

    अलवर में लोक परिवहन बस ने छीनी युवक की जान: काम से लौट रहे नरेंद्र की मौके पर दर्दनाक मौत

    मौत के बाद मची अफरा तफरी 

    मिशनसच न्यूज,  अलवर। विजय मंदिर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम लोक परिवहन बस की तेज रफ्तार ने एक परिवार की खुशियाँ छीन लीं। काम से लौट रहे बाइक सवार युवक को बस ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आस-पास का इलाका दहशत और अफरा-तफरी से भर गया।

    मृतक की पहचान नरेंद्र के रूप में हुई है, जो अलवर शहर में दैनिक कामकाज निपटाने के बाद अपने गांव खानपुर मेवान स्थित सोडा की ढाणी लौट रहा था। उसके चाचा बाबूलाल के अनुसार, नरेंद्र पूरी सावधानी से बाइक चला रहा था, तभी विजय मंदिर थाना क्षेत्र के पास सामने से आ रही लोक परिवहन बस ने अचानक तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेंद्र सड़क पर गिरते ही बेसुध हो गया और कुछ ही पलों में उसकी मृत्यु हो गई।

    स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही विजय मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हादसे का जिम्मेदार बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। पुलिस ने घटनास्थल की नापतौल कर शव को जिला अस्पताल भेजा, जहां उसे मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।

    पुलिस मृतक का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया में जुटी है। वहीं, बस चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। ग्रामीणों और परिजनों में हादसे को लेकर गहरा रोष है, जबकि परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    पुलिस का कहना है कि चालक के फरार होने के बावजूद उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना की हर पहलु से जांच की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर लोक परिवहन वाहनों की लापरवाही और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े करता है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here