अलवर सांसद खेल उत्सव
मिशनसच न्यूज, अलवर। इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार को आयोजित अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0 के फाइनल मुकाबलों में रोमांच चरम पर रहा। मुख्य अतिथि केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता खिलाड़ियों को मेडल व पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
फाइनल में कबड्डी, खो-खो, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, योगा, कुश्ती, एथलेटिक्स, रस्सा-कस्सी, लंबी कूद, शॉट पुट, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसे मुकाबलों में युवा प्रतिभाओं ने दमदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा, ओलंपियन रेसलर श्री योगेश्वर दत्त, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्रीमती बबीता फोगाट तथा पन्ना राजपरिवार की महारानी कृष्णा कुमारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
देश का भविष्य खेल और शिक्षा से तय होता है — केंद्रीय मंत्री यादव
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया विज़न के अनुरूप अलवर में सांसद खेल उत्सव व टाइगर मैराथन जैसे आयोजन खेल संस्कृति को मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा—
“किसी भी देश का भविष्य खेल के मैदानों और पुस्तकालयों से होकर निकलता है।”
उन्होंने बताया कि इस बार अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0 में 35 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया, जो अभूतपूर्व है। विजेता खिलाड़ियों को दो चरणों में SAI के प्रशिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
अलवर में खेल कल्चर, महिलाओं की आर्थिक प्रगति और शिक्षा पर जोर
मंत्री यादव ने कहा कि इस उत्सव के माध्यम से न सिर्फ खेल, बल्कि महिला आर्थिक सशक्तिकरण, दुग्ध उत्पादन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 8 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय टाइगर मैराथन के साथ अलवर लिटरेरी फेस्टिवल भी आयोजित किया जाएगा, जिससे टूरिज्म और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा ने कहा कि अलवर की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच देने का श्रेय केंद्रीय मंत्री श्री यादव को जाता है। उन्होंने कहा कि हॉकी एस्ट्रोटर्फ और एथलेटिक्स ट्रैक जैसी सौगातें मिलने से जिले में खेल गतिविधियों को नया आयाम मिल रहा है।
हस्तशिल्प मेला, स्वास्थ्य शिविर व दुग्ध उत्पादक सम्मेलन आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने वी-शक्ति ट्रस्ट द्वारा लगाए गए महिला स्वयं सहायता समूहों की स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने टेराकोटा, मोजरी, लाख की चूड़ियां, बाजरा उत्पाद व मसाला उत्पादों की सराहना की और एसएचजी की चाय व अलवर के प्रसिद्ध कलाकंद का स्वाद भी लिया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को उद्योग की ओर बढ़ाने और ‘लखपति दीदी’ मिशन को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
इसके अलावा सरस डेयरी द्वारा आयोजित दुग्ध उत्पादक सम्मेलन और दिल्ली AIIMS के चिकित्सकों की टीम द्वारा लगाए गए चिकित्सा शिविर ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
अनेक जनप्रतिनिधियों और खेल हस्तियों ने दर्ज की उपस्थिति
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आमजन ने हिस्सा लिया।
इस दौरान बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत, बांदीकुई विधायक भागचंद टाकड़ा सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक, खेल विशेषज्ञ और कोच मौजूद रहे।
- मिशन सच से जुडने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को फॉलो करे https://chat.whatsapp.com/JnnehbNWlHl550TmqTcvGI?mode=r_cइसी तरह की स्टोरी के लिए देखें मिशन सच की अन्य रिपोर्ट https://missionsach.com/dr-dilip-sethi-alwar-pediatrician-biography.html


