More
    Homeअलवर: पत्नी से अलगाव के कारण मानसिक तनाव में युवक ने फांसी...

    अलवर: पत्नी से अलगाव के कारण मानसिक तनाव में युवक ने फांसी लगाकर दी जान

    तीन माह से मानसिक तनाव में था युवक

    मिशनसच न्यूज,अलवर। उद्योग नगर थाना क्षेत्र स्थित पंडित कॉलोनी में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 38 वर्षीय युवक ने मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राजेश कुमार (38) पुत्र किशनलाल, निवासी जाडला के रूप में हुई है, जो बीते कुछ समय से पंडित कॉलोनी में किराए पर रह रहा था।

    घटना की सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाने के एएसआई मदनलाल ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक के निजी जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। करीब तीन महीने पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से ही राजेश गहरे मानसिक तनाव में रहने लगा था।

    बताया जा रहा है कि पत्नी के अलग होने से वह अंदर ही अंदर टूट गया था और अकेलेपन का शिकार हो गया था। तनाव के चलते उसने शराब का सेवन बढ़ा दिया था और धीरे-धीरे इसकी लत भी लग गई थी। परिजनों व परिचितों के अनुसार राजेश पिछले कुछ समय से काफी परेशान चल रहा था और अक्सर अकेले में रहता था।

    रविवार को उसने अपने किराए के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का पता लगते ही पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और राजीव गांधी जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

    पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहन जांच में जुटी है। वहीं, घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here