More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में जिला कलक्टर का औचक निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा

    अलवर में जिला कलक्टर का औचक निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा

    स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर ग्रामीण विकास तक कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

    मिशनसच न्यूज, अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बुधवार को अलवर जिले के पिनान एवं बगड राजपूत क्षेत्र का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पिनान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रस्तावित ट्रोमा सेंटर निर्माण की प्रगति, अस्पताल की व्यवस्थाओं तथा बगड राजपूत क्षेत्र में नरेगा एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीएमकेएसवाई) के अंतर्गत कराए जा रहे चारागाह विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में देरी और कुछ व्यवस्थाओं में खामियों पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराए जाएं।

    पिनान सीएचसी में ट्रोमा सेंटर निर्माण में देरी पर सख्त रुख

    जिला कलक्टर ने पिनान सीएचसी परिसर में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत ट्रोमा सेंटर की भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रोमा सेंटर के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएचओ को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को शीघ्रातिशीघ्र प्रारंभ करवाया जाए। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए ट्रोमा सेंटर का समय पर निर्माण अत्यंत आवश्यक है, ताकि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल उपचार मिल सके और कीमती जानें बचाई जा सकें।

    उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी धन का सदुपयोग हो और भवन दीर्घकालिक उपयोग के योग्य बने, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ट्रोमा सेंटर के संचालन की व्यवस्थाएं भी सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।

    सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

    निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने सीएचसी में लेबर रूम वार्ड, ओपीडी, एक्स-रे लैब सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सीएचसी में आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए चिकित्सकीय सेवाएं, दवाइयों की उपलब्धता, जांच सुविधाएं और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।

    उन्होंने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मां) योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक मरीजों के पैकेज बुक करने के निर्देश दिए, जिससे सीएचसी की आय में वृद्धि हो और मरीजों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। जिला कलक्टर ने अस्पताल परिसर और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई रखने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं संभव हैं।

    निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की सुविधाओं, दवाओं और इलाज को लेकर फीडबैक भी लिया। मरीजों ने सीएचसी की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया, जिस पर जिला कलक्टर ने चिकित्सा स्टाफ की सराहना की और इसी प्रकार सेवाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।

    बगड राजपूत में चारागाह विकास और नरेगा कार्यों की समीक्षा

    जिला कलक्टर ने बगड राजपूत क्षेत्र में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पीएमकेएसवाई 2.0) के तहत चारागाह विकास कार्यों का निरीक्षण किया। वाटरशेड विभाग द्वारा 32 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि चारागाह में नर्सरी को और अधिक विकसित किया जाए तथा चौकीदार हट पर पेंटिंग का कार्य पुनः करवाया जाए। इसके साथ ही सोलर पंप से चारागाह में पानी की व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए गए।

    उन्होंने विकास अधिकारी को वाटरशेड विभाग से समन्वय कर चारागाह में निर्मित तालाब में मछली पालन का कार्य प्रारंभ करवाने के निर्देश भी दिए, जिससे ग्रामीणों को अतिरिक्त आजीविका के अवसर प्राप्त हो सकें।

    नरेगा कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर

    निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने नरेगा योजनांतर्गत बगड राजपूत से गूंगडोद तक कराए जा रहे नाला खुदाई कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि नाला खुदाई का कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। साथ ही शेष भूमि पर पौधारोपण एवं चारागाह विकास कार्य भी सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।

    इसके अतिरिक्त सार्वजनिक उद्यान विकास कार्य के तहत किए गए प्लांटटेशन, खाल फेसिंग और लेवलिंग कार्यों का निरीक्षण किया गया। जिला कलक्टर ने विकास अधिकारी रामगढ़ को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत द्वारा एसएफसी/एफएफसी योजना में फायर फेसिंग का कार्य कराया जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त पौधों के स्थान पर पुनः पौधारोपण करने और शेष भूमि पर मियावाकी पद्धति से घना प्लांटटेशन कर उद्यान को विकसित करने के निर्देश दिए। पाथवे और हरित क्षेत्र विकसित कर ग्रामीणों के लिए बेहतर सार्वजनिक उद्यान तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।

    अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश

    जिला कलक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास दोनों ही सरकार की प्राथमिकताएं हैं। इन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचे और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।

    निरीक्षण के दौरान रहे उपस्थित

    इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, उपखंड अधिकारी रैणी हरकेश मीणा, वाटरशेड विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेन्द्र सिंह मौथू, अधिशासी अभियंता मनरेगा नरेन्द्र कुमार लाखीवाल, तहसीलदार कैलाश चंद मेहरा, अधिशासी अभियंता वाटरशेड प्रहलाद मीणा, विकास अधिकारी रामगढ़ विजय कुमार भाल, सीएचसी प्रभारी डॉ. संजय द्विवेदी, डॉ. मनोज मीणा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

    निरीक्षण के अंत में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here