More
    Homeराजस्थानजयपुरभर्ती परीक्षाओं में धोखाधड़ी से छात्र-अभिभावक टूट जाते हैं, दोषियों को नहीं...

    भर्ती परीक्षाओं में धोखाधड़ी से छात्र-अभिभावक टूट जाते हैं, दोषियों को नहीं बख्शेंगे; CM भजनलाल शर्मा की दो टूक

    जयपुर |मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भर्ती परीक्षाओं में हो रही धोखाधड़ी और पेपर लीक को युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर अपराध बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि उनके माता-पिता भी मानसिक रूप से टूट जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिसने भी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, वह चाहे कितना ही बड़ा नेता या अधिकारी क्यों न हो, उसे सजा जरूर मिलेगी।जयपुर में शुक्रवार को आयोजित राज्यस्तरीय मेगा पीटीएम कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लेकर मेहनत करते हैं। जब उन्हीं बच्चों के साथ भर्ती परीक्षाओं में धांधली होती है, तो पूरे परिवार की उम्मीदें टूट जाती हैं। उन्होंने कहा कि पहले मेहनती और साधारण परिवारों के बच्चों को यह तक पता नहीं चलता था कि ओएमआर शीट में भी गड़बड़ी कर दी जाती है, लेकिन अब सरकार ऐसे हर तरीके को उजागर कर रही है।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष चाहे जैसे बयान दे या यह दावा करे कि उनके कार्यकाल में कोई गड़बड़ी नहीं हुई, लेकिन जांच में सब कुछ साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कब, कैसे और किसके संरक्षण में धांधली हुई, यह सच्चाई सामने आएगी। गलत करने वालों को हर हाल में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।सीएम शर्मा ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के मामले सामने आते रहे। अब उसी दौर से जुड़े लोग एक-एक कर पकड़े जा रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि युवाओं के सपनों को रौंदने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह बड़ा अधिकारी हो या प्रभावशाली नेता, कानून सभी के लिए समान है। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी तरह का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

    राजस्थान: पेपर लीक का मामला गहलोत जी आपके घर तक पहुंच रहा है,चश्मा बदलवाइए- सीएम

    कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं की राशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की। गार्गी पुरस्कार योजना के तहत 10वीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली छात्राओं के खातों में 127 करोड़ रुपये की राशि सीधे भेजी गई। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट वाउचर योजना के तहत 4.40 लाख छात्रों को 53 करोड़ रुपये की सहायता दी गई, जिससे उन्हें शिक्षा के लिए आवागमन में राहत मिलेगी।सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत भी 700 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे और किसी को भी अपने अधिकारों के लिए भटकना न पड़े।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है। इसके लिए विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, ताकि युवा रोजगार के लिए सक्षम बन सकें। उन्होंने जयपुर में विदेशी भाषा संचार कौशल स्कूल खोलने की घोषणा भी की, जिससे युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।सीएम ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार मेहनती छात्रों के साथ है और उनके सपनों को साकार करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here