More
    Homeराजस्थानजयपुरपैसों के लालच में जासूसी, ISI के लिए 19 महीने तक करता...

    पैसों के लालच में जासूसी, ISI के लिए 19 महीने तक करता रहा काम, मोबाइल से मिले सबूत

    जैसलमेर का युवक 19 महीने से ISI को भेज रहा था खुफिया जानकारी, मिले चैट और लेन-देन के सबूत

    जयपुर | राजस्थान इंटेलिजेंस ने जैसलमेर से पकड़े गए पाकिस्तानी जासूस को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक पिछले करीब 19 महीनों से भारतीय सेना की गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI को भेज रहा था। इसके बदले उसे हर टास्क के अनुसार 5 से 10 हजार रुपये का भुगतान किया जाता था।

    राजस्थान इंटेलिजेंस ने शनिवार दोपहर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इंटेलिजेंस अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े कई और अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

    30 जनवरी को हुआ था गिरफ्तार

    एडीजी (इंटेलिजेंस) प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि पोकरण के सांकड़ा निवासी झबराराम (28) को 30 जनवरी को जैसलमेर से गिरफ्तार किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह सोशल मीडिया के जरिए लगातार पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के हैंडलर्स के संपर्क में था और भारत की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा था।

    मोबाइल में ISI हैंडलर्स से चैट के सबूत

    जांच एजेंसियों को आरोपी के मोबाइल से ISI हैंडलर्स के साथ हुई चैट और डिजिटल सबूत मिले हैं। झबराराम को पाक एजेंसियों ने हनीट्रैप और रुपयों के लालच में फंसाया था। इसके बाद उसे अलग-अलग टास्क देकर भारतीय सेना से जुड़ी जानकारियां मांगी जाती थीं।

    हर टास्क पर बैंक अकाउंट में होता था भुगतान

    इंटेलिजेंस जांच में सामने आया है कि आरोपी के बैंक खाते में कई बार छोटे-छोटे अमाउंट (5 से 10 हजार रुपये) ट्रांसफर किए गए। उसने अपने नाम से जारी सिम कार्ड का OTP पाक हैंडलर्स को देकर वॉट्सएप एक्टिवेट कराया, जिसका इस्तेमाल देशविरोधी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।

    और खुलासों की संभावना

    जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी कितने ISI हैंडलर्स के संपर्क में था और उसने किन-किन स्थानों व गतिविधियों की सूचनाएं साझा कीं। विशेषज्ञों के अनुसार, युद्ध या तनाव के समय सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़ी छोटी-छोटी जानकारियां भी दुश्मन देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती हैं।

    फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में इस जासूसी नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

     

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here