More
    Homeराजस्थानजयपुरजयपुर में ब्रिक्स बैठक की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने की व्यापक...

    जयपुर में ब्रिक्स बैठक की तैयारियां तेज, मुख्य सचिव ने की व्यापक समीक्षा

    ब्रिक्स एफएमसीबीजी बैठक से पहले जयपुर में व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

    जयपुर। जयपुर में आयोजित होने वाली ब्रिक्स देशों के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंक गवर्नरों (एफएमसीबीजी) की प्रथम बैठक की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक ली। बैठक में आर्थिक मामलात विभाग, वित्त मंत्रालय भारत सरकार तथा भारतीय रिजर्व बैंक के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।

    मुख्य सचिव ने कहा कि जयपुर में इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय बैठक का आयोजन राज्य के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। यह अवसर राजस्थान की संस्कृति, पर्यटन, विकास और प्रशासनिक क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।

    उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। 4 से 7 मार्च तक प्रस्तावित कार्यक्रमों में मंत्रिस्तरीय बैठक, प्रतिनिधियों के आगमन, आवास, परिवहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, सांस्कृतिक आयोजन और भ्रमण व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

    सुरक्षा और परिवहन पर विशेष जोर

    मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रतिनिधिमंडलों की आवाजाही के लिए सुचारु परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पायलट वाहन, आवश्यकतानुसार रूट क्लीयरेंस तथा ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। आयोजन स्थल, होटलों, भ्रमण स्थलों और प्रमुख मार्गों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए।

    शहर के मुख्य मार्गों, आयोजन स्थलों एवं भ्रमण मार्गों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

    स्वास्थ्य सुविधाएं रहेंगी चौबीसों घंटे उपलब्ध

    स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि 24 घंटे चिकित्सा दल, एंबुलेंस और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही नजदीकी अस्पतालों से समन्वय बनाए रखने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

    आमेर किले में सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी

    मुख्य सचिव ने आमेर किला में प्रस्तावित भ्रमण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, लोकनृत्य, संगीत और आतिथ्य परंपरा की झलक विश्व समुदाय को दिखाई जानी चाहिए।

    प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षित गाइड, पार्किंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

    स्मृति-चिह्न और समन्वय व्यवस्था

    बैठक में प्रतिनिधियों के लिए राज्य की कला एवं हस्तशिल्प से जुड़े स्मृति-चिह्न तैयार करने तथा पर्यटन पुस्तिका उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडलों के साथ समन्वय के लिए लायज़न अधिकारियों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    बैठक में आर्थिक मामलात विभाग, वित्त मंत्रालय भारत सरकार की अतिरिक्त सचिव श्रीमती अनु पी. मथाई, संयुक्त सचिव अमित सिंगला, निदेशक प्रकाश राजपुरोहित सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here