पर्यटन विभाग के तत्वावधान में पलाश उत्सव में सरिस्का की विशेषताओं का प्रदर्शन
अलवर। जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 2 मार्च को पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत पुरजन विहार (कम्पनी बाग) में दोपहर 2 बजे से पलाश उत्सव आयोजित किया जाएगा।
पर्यटन विभाग की उप निदेशक टीना यादव ने बताया कि जिले में पंच गौरव पर्यटक स्थल के रूप में सरिस्का टाइगर रिजर्व को शामिल किया गया है। सरिस्का की वन्य जीव विविधता के साथ-साथ वहां पाए जाने वाले पेड़-पौधों का भी विशेष महत्व है।
उन्होंने बताया कि सरिस्का के पंच गौरव के रूप में प्रचार-प्रसार तथा पलाश सहित अन्य विशेषताओं को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से होली के अवसर पर पलाश उत्सव आयोजित किया जा रहा है।
प्राकृतिक रंग और लोक संस्कृति होगी आकर्षण
उत्सव के दौरान वन विभाग द्वारा पलाश से निर्मित प्राकृतिक रंगों की स्टॉल लगाई जाएगी। इसके साथ ही फोटो प्रदर्शनी भी आयोजित होगी, जिसमें सरिस्का की जैव विविधता को प्रदर्शित किया जाएगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ब्रज का प्रसिद्ध मयूर नृत्य और फूलों की होली विशेष आकर्षण रहेंगे। कोटा-बूंदी का सहरिया नृत्य, बाड़मेर-जैसलमेर से लंगा-मांगनियार समूह तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा भी लोक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
यह आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


