व्याख्यान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गुलाल होली के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन, छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश
वजीरपुर। नारी स्वतंत्रता, समानता और सम्मान के प्रतीक अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजकीय कन्या महाविद्यालय वजीरपुर में व्याख्यान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए और रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ उत्साहपूर्वक महिला दिवस मनाया।
कार्यक्रम का संचालन भूगोल प्राध्यापक डॉ. ऋषिकेश गुर्जर ने किया, जबकि छायांकन सेमेस्टर तृतीय की छात्रा शिप्रा कुमारी बंशीवाल ने किया। इस अवसर पर छात्रा चेल्सी मित्तल, पायल सैनी और शिप्रा कुमारी बंशीवाल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
नोडल अधिकारी प्रो. रमेश बैरवा ने अपने संबोधन में कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के संघर्ष और बीसवीं सदी के नारीवादी आंदोलनों से प्रेरित होकर मनाया जाता है। यह दिवस समाज में व्याप्त रूढ़ियों को तोड़ने और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1977 में संयुक्त राष्ट्र संघ ने 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में आधिकारिक मान्यता दी थी। संयुक्त राष्ट्र हर वर्ष इसे मनाने के लिए एक विशेष थीम निर्धारित करता है। वर्ष 2026 के लिए थीम “अधिकार, न्याय और कार्रवाई – सभी महिलाओं और लड़कियों के लिए” रखी गई है।
प्रो. बैरवा ने कहा कि आज भी समाज में बड़ी संख्या में महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सहित गरिमामय जीवन के मूलभूत अधिकारों से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आज जो अधिकार प्राप्त हुए हैं, वे एकता, संघर्ष और शिक्षा के बल पर ही संभव हो पाए हैं। उन्होंने छात्राओं से जागरूक होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। साथ ही 9 मार्च से शुरू होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए छात्राओं को शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम के दौरान सेमेस्टर तृतीय की छात्रा ज्योति कंवर, सेमेस्टर पंचम की छात्रा पिंकी माली तथा सेमेस्टर प्रथम की छात्राएं पायल कुमारी बैरवा, रानी राजावत, किरण मीणा और मोनिका मीणा सहित अनेक छात्राओं ने रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों का उपस्थित छात्राओं ने जमकर आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंत में बड़ी संख्या में छात्राओं ने लोकगीतों पर नृत्य करते हुए गुलाल होली खेली और होली मिलन की खुशियां साझा कीं, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय हो गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक कर्मचारी सोहन सिंह योगी, सुनील कुमार बैरवा, लक्ष्मण सिंह और कन्हैया का विशेष सहयोग रहा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


