एथलेटिक्स लीग में विजेता खिलाड़ियों को वन राज्यमंत्री ने किया सम्मानित
अलवर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय खेल प्राधिकरण और माय भारत केंद्र के समन्वय से गौरी देवी महाविद्यालय में आयोजित ‘अस्मिता खेलो इंडिया’ महिला एथलेटिक्स लीग व सम्मान समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया।
वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस आज पूरे विश्व में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए संकल्पबद्ध होकर लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा महिलाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए अलवर में नवीन कन्या महाविद्यालय और कन्या पॉलिटेक्निक कॉलेज की सौगात दी गई है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में सुविधाओं का विस्तार करते हुए भव्य ऑडिटोरियम और इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने महाविद्यालय की छात्राओं को नि:शुल्क सरिस्का अभयारण्य भ्रमण कराने की भी घोषणा की।
खेल स्पर्धाओं के विजेता
नेहरू युवा केंद्र के कोऑर्डिनेटर पंकज यादव ने बताया कि अस्मिता लीग के अंतर्गत विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
400 मीटर दौड़ में रूपा स्वामी ने प्रथम, पिंकी ने द्वितीय और रोहिणी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
200 मीटर दौड़ में सिमरन ने प्रथम, पिंकी गुर्जर ने द्वितीय और चिड़िया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
100 मीटर दौड़ में पलक खंडेलवाल ने प्रथम, दिलशाना ने द्वितीय और इंसाना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार रस्साकशी प्रतियोगिता में जीडी कॉलेज ने प्रथम और नर्सिंग कॉलेज अलवर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज अलवर ने प्रथम और द्वितीय तथा नर्सिंग कॉलेज तिजारा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत 1200 से अधिक युवतियों ने माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। प्रतियोगिताएं अंडर-13, अंडर-18 और अंडर-25 आयु वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में आयोजित की गईं, जिसमें जिले की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मंजू यादव, नेहरू युवा केंद्र कोऑर्डिनेटर पंकज यादव, साईं से शिव कुमार, डॉ. दिनेश सूद, डॉ. इंदु सूद, श्रीमती रचना आसोपा, श्रीमती शेफाली सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


