राजस्थान क्विज में भाग लेकर विकसित राजस्थान विजन से बनें सहभागी
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश के ऊर्जावान युवाओं और जागरूक नागरिकों से ‘राजस्थान को जानें’ विशेष प्रश्नोत्तरी में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस क्विज के माध्यम से प्रदेशवासी राजस्थान के गौरवशाली इतिहास, कला और संस्कृति से रूबरू हो सकते हैं तथा ‘विकसित राजस्थान-2047’ के विजन के सहभागी बन सकते हैं।
राजस्थान दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग, राजस्थान नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आरकेसीएल) तथा शिक्षा विभाग की सहभागिता से इस विशेष क्विज का आयोजन किया गया है। इसमें ‘राजस्थान को जानें’ और ‘विकसित राजस्थान-2047’ नाम से दो सेक्शन बनाए गए हैं।
‘राजस्थान को जानें’ सेक्शन में राज्य की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर, भौगोलिक परिदृश्य, महापुरुषों के जीवन एवं त्याग, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, खेल प्रतिभाओं और विशेष पुरस्कारों से जुड़े प्रश्न शामिल किए गए हैं। वहीं ‘विकसित राजस्थान-2047’ सेक्शन में प्रदेश की अर्थव्यवस्था, सामाजिक उत्थान, स्थानीय शासन, शिक्षा, जल प्रबंधन, उद्योग और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से संबंधित विषयों पर प्रश्न पूछे जा रहे हैं।
प्रदेश के नागरिक और युवा 15 से 19 मार्च तक आयोजित इस क्विज में भाग लेने के लिए quiz.rkcl.in पर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को प्रत्येक क्विज में 15 मिनट के भीतर 25 प्रश्न हल करने होंगे तथा क्विज पूर्ण होने के बाद उसका रिव्यू भी किया जा सकेगा। क्विज पूर्ण करने पर प्रतिभागियों को राजस्थान सरकार और आरकेसीएल की ओर से डिजिटल प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में यह एक अभिनव पहल मानी जा रही है, जिसमें युवाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रूप से बढ़ रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


