मेले में झलकी समरसता की झलक, मंत्री ने विकास और आस्था को बताया संगम
अलवर। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने रैणी तहसील के पाटन गांव में आयोजित श्रीश्री 1008 भैरू बाबा के मेले एवं पद दंगल कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान वन राज्यमंत्री ने भैरू बाबा मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र से उनका आत्मीय जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि पाटन गांव में आयोजित यह मेला सामाजिक सौहार्द, धार्मिक समरसता एवं भाईचारे की मिसाल प्रस्तुत करता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए कृतसंकल्पित है और विगत ढाई वर्षों में जिले को अनेक विकास कार्यों की सौगात दी गई है। इन योजनाओं को धरातल पर उतारकर क्षेत्र के विकास को गति दी जा रही है।
वन राज्यमंत्री ने कहा कि भूपेन्द्र यादव के नेतृत्व में राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सड़कों सहित कई विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। ग्रामीणों द्वारा सड़क की मांग उठाने पर उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तक विषय पहुंचाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान उन्होंने पद दंगल में भाग ले रहे पहलवानों का उत्साहवर्धन भी किया।
कार्यक्रम में विजय समर्थलाल मीणा, जितेन्द्र राठौड़, पं. जलेसिंह, विष्णु शर्मा, किशनलाल सहित प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


