उच्च तकनीक खेती के प्रशिक्षण से किसान की सफलता, पॉलीहाउस में खीरा उत्पादन बना मिसाल
अलवर। प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। उद्यानिकी विभाग द्वारा दिए गए प्रशिक्षण एवं सेमीनार का लाभ उठाकर अलवर जिले की थानागाजी तहसील के ग्राम ढिगारिया निवासी किसान संतोष कुमार ने अपनी तकदीर बदल दी है।
किसान संतोष कुमार ने उच्च तकनीक अपनाते हुए पॉलीहाउस में खीरे की खेती शुरू की, जिससे वे अब लाखों रुपये की आमदनी कर रहे हैं। उन्होंने न केवल अपनी आय में वृद्धि की है, बल्कि जिले के अन्य किसानों के लिए भी एक प्रगतिशील कृषक के रूप में उदाहरण प्रस्तुत किया है।
संतोष कुमार ने बताया कि उन्हें बचपन से ही खेती का शौक था। आय बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण एवं सेमीनारों में भाग लिया, जहां उन्हें उच्च तकनीक उद्यानिकी और पॉलीहाउस खेती की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने आवेदन कर अपने खेत में लगभग 8 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में दो पॉलीहाउस स्थापित किए और खीरे की खेती प्रारंभ की।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उनके पॉलीहाउस से प्रतिदिन करीब 500 किलो खीरे का उत्पादन हो रहा है। इन खीरों को वे विराटनगर, थानागाजी, नारायणपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में बेचकर अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं।
संतोष कुमार ने यह भी बताया कि सिंचाई के लिए उन्होंने उद्यान विभाग की सहायता से अनुदान पर ऊर्जा संयंत्र लगवाया है, जिससे संरक्षित जल का प्रभावी उपयोग हो रहा है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग मिलने पर आभार व्यक्त किया।
उनकी इस सफलता से प्रेरित होकर क्षेत्र के अन्य किसान भी अब उच्च तकनीकी उद्यानिकी को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। संतोष कुमार ने किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं और प्रशिक्षणों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी आभार जताया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


