रेड क्रॉस दिवस पर सम्मान समारोह में स्वैच्छिक रक्तदाताओं का हुआ अभिनंदन
अलवर। विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर 8 मई 2026 को इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, अलवर द्वारा रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 40 यूनिट रक्तदान किया गया तथा लंबे समय से स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर हेनरी डूनेंट की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आईपीएस प्रियंका रघुवंशी रहीं, जबकि अध्यक्षता विश्व प्रसिद्ध कवि बलबीर सिंह करुण ने की।
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन डॉ. एस.सी. मित्तल ने बताया कि रक्तदान शिविर में सेंट जॉन एम्बुलेंस इंडिया के चेयरमैन गिरीश गुप्ता ने 75वीं बार, रेड क्रॉस सचिव डॉ. रूप सिंह ने 56वीं बार तथा डॉ. सुधीर गुप्ता ने 27वीं बार स्वैच्छिक रक्तदान किया। इसके साथ ही कई नए युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर समाज सेवा में योगदान दिया।
मुख्य अतिथि प्रियंका रघुवंशी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और इससे जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है। वहीं कवि बलबीर सिंह करुण ने अपने संबोधन में कहा कि रक्त ही मानव शरीर में बनने वाली ऐसी अमूल्य चीज है, जिसे किसी अन्य स्रोत से प्राप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने रक्तदाताओं को मानवता की सेवा का सच्चा उदाहरण बताया।
रेड क्रॉस सचिव डॉ. रूप सिंह ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा इस वर्ष विश्व रेड क्रॉस दिवस की थीम “मानवता के पक्ष में” रखी गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद अलवर, अलवर जिला स्काउट एंड गाइड फेलोशिप, आरडीएनसी मित्तल फाउंडेशन, मित्तल हॉस्पिटल, लायंस क्लब अलवर मत्स्य, सद्भाव मंच, बंधुआ मुक्ति मोर्चा एवं सुष्टि सेवा संस्थान सहित कई संस्थाओं ने सहभागिता निभाई।
बैठक के दौरान यह भी निर्णय लिया गया कि वर्तमान कोषाध्यक्ष बाबू झालानी की व्यस्तता को देखते हुए डॉ. सुधीर गुप्ता को अगले तीन वर्षों के लिए इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी अलवर का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा।
मक्खन लाल ब्लड बैंक के सचिव मधुर अग्रवाल ने बताया कि ब्लड बैंक को जल्द ही स्कीम नंबर-1 में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे रेड क्रॉस भवन में अधिक से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
कार्यक्रम में आरईसी लिमिटेड गुड़गांव के सहयोग से संचालित 5 मेडिकल मोबाइल यूनिट्स के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को अल्पाहार कराया गया तथा आगामी माह में आयोजित होने वाली गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


