हादसे के बाद जन्मदिन: थाना परिसर में केक काटकर पुलिस ने बांटी खुशियां
अलवर। अलवर शहर में इंसानियत और संवेदनशील पुलिसिंग की अनूठी मिसाल उस समय देखने को मिली, जब सड़क हादसे में पिता को खो चुके एक मासूम बच्चे का जन्मदिन ट्रैफिक थाना पुलिस ने परिवार की तरह मनाकर उसके चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। थाना परिसर में आयोजित इस भावुक पल ने मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।
जानकारी के अनुसार अलवर पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों को आगामी वर्ष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारियों के तहत थाना परिसर का विजिट कराया गया था। इसी दौरान आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र भव्य ने ट्रैफिक थाना प्रभारी संजय शर्मा को बताया कि उसके पिता की मृत्यु सड़क दुर्घटना में तब हो गई थी, जब वह मात्र चार माह का था। साथ ही उसने बताया कि अगले दिन उसका जन्मदिन है।
बच्चे की बात सुनते ही ट्रैफिक थाना प्रभारी संजय शर्मा ने तुरंत मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए बाजार से केक और उपहार मंगवाए। इसके बाद थाना परिसर में बेहद आत्मीय माहौल में भव्य का जन्मदिन मनाया गया। पुलिसकर्मियों ने तालियां बजाकर बच्चे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ट्रैफिक थाना प्रभारी संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर दुख-सुख में साथ खड़ा रहना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चे को यह महसूस कराना था कि वह अकेला नहीं है।
जन्मदिन समारोह के दौरान भव्य के चेहरे पर दिखी खुशी और मुस्कान ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया। लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्दी के पीछे छिपा मानवीय चेहरा समाज को सकारात्मक संदेश देता है।
इस अवसर पर यातायात प्रभारी संजय शर्मा, ग्रामीण थाना प्रभारी राजेश चौधरी, विमल तिवाड़ी, स्कूल एमडी नरेश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


