पुरुषोत्तम मास में विष्णु महापुराण कथा और तुलसी-कलश यात्रा का होगा आयोजन
अलवर। धर्म नगरी अलवर में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर पहली बार भव्य विष्णु महापुराण कथा एवं तुलसी-शालीग्राम षोडषोपचार पूजन का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 30 मई से 5 जून 2026 तक श्री वेंकटेश बालाजी दिव्य धाम ट्रस्ट द्वारा रामकिशन कॉलोनी, काला कुआं स्थित मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत 30 मई को सुबह 7 बजे भव्य तुलसी-कलश शोभायात्रा के साथ होगी। यह शोभायात्रा श्री वेंकटेश बालाजी दिव्य धाम से प्रताप ऑडिटोरियम तक निकाली जाएगी। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण लक्ष्मी स्वरूपा तुलसी जी के गमले की यात्रा रहेगी। कलश यात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं को चुनरी प्रसाद स्वरूप भेंट की जाएगी और इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
कार्यक्रम को लेकर जानकारी देते हुए स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व माना गया है। इसी क्रम में प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक तुलसी एवं भगवान विष्णु का षोडषोपचार पूजन किया जाएगा, जबकि शाम 4 से 7 बजे तक प्रताप ऑडिटोरियम में विष्णु महापुराण कथा का वाचन होगा।
उन्होंने बताया कि कथा श्रवण से मानसिक शांति, गृह दोषों से मुक्ति तथा जीवन में सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। आयोजन में हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, गुरुग्राम, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम में 108 यजमान एवं 9 विशेष सहयोगी यजमान बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही विश्व शांति एवं सर्वबाधा निवारण के लिए सुदर्शन यज्ञ का भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, विधायक एवं कई संत-महात्माओं को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


