अलवर में नेता प्रतिपक्ष बोले- जनता के मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी कांग्रेस
अलवर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली रविवार को अपने कार्यालय मोती डूंगरी पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद जूली ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
पंचायत चुनाव के लिए कांग्रेस तैयार
टीकाराम जूली ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। पार्टी संगठन स्तर पर लगातार तैयारियां कर रही है और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनाव मैदान में मजबूती से उतरेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों पर काम किया जा रहा है।
घोषणाओं के बजाय धरातल पर काम की मांग
जूली ने सरकार की घोषणाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से लाखों रुपए की घोषणाएं की जा रही हैं, जबकि प्रदेश की जरूरतों को देखते हुए करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की घोषणा होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि केवल घोषणाओं से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। सरकार को घोषणाओं के बजाय धरातल पर काम करने और विकास कार्यों को गति देने की जरूरत है।
कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना
नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है।
जूली ने कहा कि आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
निष्पक्ष चुनाव की कही बात
चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल पर जूली ने कहा कि संबंधित अधिकारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के बाद ही इस विषय पर स्पष्ट रूप से बात की जा सकती है। उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होने चाहिए।
युवाओं के मुद्दों पर कांग्रेस साथ
दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों को लेकर टीकाराम जूली ने कहा कि 10 तारीख को सीपी प्रदर्शन करेगी और कांग्रेस युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के रोजगार, भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी।
जूली ने कहा कि सरकार को विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन सरकार उन पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय केवल घोषणाओं तक सीमित दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


