शैक्षिक महासंघ ने मुख्यमंत्री के नाम भेजे ज्ञापन में शिक्षकों के हित में त्वरित समाधान की मांग की
अलवर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान की खंड उमरैण जिला अलवर इकाई द्वारा शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन उपखंड अधिकारी अलवर शहर के माध्यम से राज्य सरकार को भेजा गया।
महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के शिक्षक लंबे समय से कई प्रशासनिक और शैक्षणिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने से शिक्षकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। ज्ञापन में सरकार से शिक्षकों के हित में जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की गई।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से शिक्षकों को मिलने वाले ग्रीष्मावकाश सहित समस्त अवकाश यथावत रखने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले शुरू करने, नवीन पदस्थापन करने तथा वरिष्ठ अध्यापक पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा वेतन विसंगतियों के समाधान, संविदा शिक्षकों के नियमितीकरण तथा आरजीएचएस योजना को सुचारू रूप से संचालित रखने की मांग भी शामिल की गई।
महासंघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सरकार से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


