संध्या चौपाल और सुझाव पेटिका बनी आकर्षण, ग्राम रथ अभियान से 13 विभागों की जानकारी गांव-गांव पहुंची
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में किसानों, पशुपालकों, युवाओं और महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से चलाया गया ग्राम रथ अभियान रविवार को संपन्न हो गया। 28 अप्रैल से 17 मई तक चले इस अभियान के तहत एलईडी युक्त ग्राम रथों ने जिले के गांव-गांव पहुंचकर 13 महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया तथा प्रचार सामग्री वितरित कर पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल संवाद
जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों कठूमर, थानागाजी, रामगढ़, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ एवं अलवर ग्रामीण में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने योजनाओं के लाभ का फीडबैक लिया तथा ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
सुझाव पेटिका में ग्रामीणों ने दिए सुझाव
ग्राम रथों के साथ लगाई गई सुझाव पेटिका में ग्रामीणों ने गांवों के विकास और स्थानीय समस्याओं से जुड़े सुझाव दिए। प्रशासन द्वारा इन सुझावों को राज्य स्तर तक पहुंचाकर नियमानुसार निस्तारण कराने की बात कही गई।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया।
संध्या चौपाल रही आकर्षण का केंद्र
अभियान के दौरान आयोजित संध्या चौपाल कार्यक्रम ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र रहे। लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से खेती, पशुपालन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी रोचक तरीके से दी।
ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सरकार की इस पहल की सराहना की।
लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव
अभियान के दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीणों ने अपने अनुभव साझा किए। मनोहर लाल ने तारबंदी योजना, बालीराम सैनी ने कृषि उपकरण सहायता योजना, कैलाश चंद गुर्जर ने अनुदान सहायता योजना तथा महेश चंद जांगिड और मगनी देवी ने पीएम आवास योजना के लाभ की जानकारी अन्य ग्रामीणों के साथ साझा की।
ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम रथ अभियान से उन्हें घर बैठे सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी मिली, जिससे योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


