अभिसारा समिति की प्रतियोगिता में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, 22 विद्यालयों के 74 विद्यार्थियों ने लिया भाग
अलवर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से अभिसारा समिति द्वारा बुद्ध विहार स्थित डी-ब्लॉक पार्क में चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताएं कक्षा 5 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए दो वर्गों में आयोजित की गईं।

कार्यक्रम के संयोजक विष्णु स्वामी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका रहे। उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए न्यूनतम कचरा उत्पादन तथा घरों में गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक घर से ही कचरे को अलग-अलग करके निगम को सौंपें तो उसके वैज्ञानिक निस्तारण में आसानी होगी और स्वच्छ शहर के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ेगी।
प्रतियोगिता में शहर के 22 विद्यालयों के 74 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं का संचालन पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी जगदीश जाटव के नेतृत्व में किया गया। निर्णायक मंडल में पदम सिंह, दिलीप कुमार, संजय कौशिक, संगीता शर्मा एवं योग्यता कौशिक ने अपनी सेवाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक स्वरूप जामुन, बेलपत्र, नीम, पीपल और कदम के पौधे लगाए गए। प्लास्टिक एवं पॉलीथीन मुक्त समाज का संदेश देने के लिए 40 कपड़े के थैलों का वितरण भी किया गया। साथ ही डी-ब्लॉक पार्क को प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से चार संदेशात्मक जागरूकता बोर्ड स्थापित किए गए।
समिति अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, गमले में पौधे तथा प्रवीणता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को भी सम्मान पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि एक बालिका का जन्मदिवस भी पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बालिका के अभिभावकों ने सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया।
प्रतियोगिता परिणाम
निबंध प्रतियोगिता (जूनियर वर्ग, कक्षा 6 से 8)
प्रथम – वंशिका (केशव आदर्श विद्या मंदिर, बुद्ध विहार)
द्वितीय – मानसी जादौन (आदिनाथ पब्लिक स्कूल)
तृतीय – जानवी सेन (इंटरनेशनल पब्लिक School)
निबंध प्रतियोगिता (सीनियर वर्ग, कक्षा 10 से 12)
प्रथम – पायल राठौड़ (राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी पार्क)
द्वितीय – अपेक्षा विजय (वी.एल.एम. पब्लिक स्कूल)
तृतीय – पूर्वा बाई (रामगोपाल खंडेलवाल विद्यालय)
चित्रकला प्रतियोगिता (जूनियर वर्ग, कक्षा 6 से 8)
प्रथम – अमितांशी (ए.पी.एस. स्कूल)
द्वितीय – बरिता अरोड़ा (सनराइज पब्लिक स्कूल)
तृतीय – अधाया जैन (माहेश्वरी पब्लिक स्कूल, जयपुर)
चित्रकला प्रतियोगिता (सीनियर वर्ग, कक्षा 9 से 12)
प्रथम – यशिका जादौन (आदिनाथ पब्लिक स्कूल)
द्वितीय – आरुचि (साइंस अकादमी)
तृतीय – भारती (आदर्श मल भारती स्कूल)
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

