सौंखर गांव में मृत मिले व्यक्ति की पहचान, एफएसएल व डॉग स्क्वायड जांच में जुटे
खेरली। सौंखर गांव में नए बिजली घर के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। मामला खेरली कस्बे के निकट स्थित सौंखर गांव के पीतमपुरा रोड पर बने नए बिजली घर के पास का है।
जानकारी के अनुसार गांव का एक व्यक्ति सुबह शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर बिजली घर के समीप कोने में पड़े कचरे के ढेर पर गई, जहां एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। शव को आवारा कुत्ते नोच रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर खेरली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद एम्बुलेंस की सहायता से शव को खेरली उप जिला अस्पताल पहुंचाकर मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अशोक पुत्र मोहरसिंह सैनी (45 वर्ष) निवासी सौंखर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को सूचना दे दी है। जांच दल के मौके पर पहुंचने के बाद घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जाएंगे।
ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। एफएसएल टीम की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


