More
    Homeराजस्थानअलवरसरकारी योजनाओं से जुड़ेंगे कृषक-पशुपालक, जिला कलक्टर ने दिए समन्वय के निर्देश

    सरकारी योजनाओं से जुड़ेंगे कृषक-पशुपालक, जिला कलक्टर ने दिए समन्वय के निर्देश

    आर्थिक सशक्तिकरण के लिए योजनाओं से जुड़ेंगे कृषक-पशुपालक, विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित

    अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मंगलवार को कृषि, उद्यानिकी, डेयरी एवं सहकारिता विभाग में संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषकों एवं पशुपालकों को अधिकाधिक सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाए।

    बैठक में जिला कलक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला परिषद के सीईओ, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक, कॉपरेटिव बैंक के एमडी एवं डेयरी के एमडी को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र पशुपालकों को मंगला पशु बीमा योजना एवं मनरेगा के तहत कैटलशेड योजना से जोड़कर अधिकतम लाभ पहुंचाया जाए।

    डेयरी समितियों के विस्तार पर जोर

    जिला कलक्टर ने डेयरी विभाग को निर्देशित किया कि जिन गांवों में अभी तक डेयरी समितियां नहीं हैं, वहां आगामी तीन माह के भीतर नई समितियों का गठन कर जिले को डेयरी समितियों के मामले में पूर्ण रूप से आच्छादित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि कृषकों और पशुपालकों के अधिकाधिक बैंक खाते कॉपरेटिव बैंक में खुलवाने के प्रयास किए जाएं ताकि वे विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें।

    पैक्स को कम्प्यूटरीकृत करने के निर्देश

    सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने नई बहुउद्देशीय ग्राम सेवा सहकारी समितियों (पैक्स) के गठन में जिले की उपलब्धियों की सराहना की। साथ ही निर्देश दिए कि शेष गांवों में भी पैक्स का गठन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ई-पैक्स योजना के अंतर्गत शेष 148 पैक्स को 30 जून तक कम्प्यूटरीकृत करने के निर्देश भी दिए।

    उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक में एक पैक्स पर कस्टम हायरिंग सेंटर विकसित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे किसानों एवं पशुपालकों को अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध होंगे।

    ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर

    कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक को निर्देशित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ-साथ जैविक खेती को भी बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए कृषक कार्यशालाएं, किसान-वैज्ञानिक संवाद, कृषक मेले एवं एक्सपोजर विजिट आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

    उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का भी व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि, उद्यानिकी, सहकारिता, डेयरी एवं पंचायती राज विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसानों और पशुपालकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

    बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर अम्बा लाल मीणा, सीसीबी बैंक के एमडी के.एम. शर्मा, सहकारिता विभाग के उप रजिस्ट्रार गुलाब मीणा, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक पी.सी. मीणा, उद्यानिकी विभाग के उप निदेशक के.एल. मीणा, डेयरी के एमडी राकेश विजय, नाबार्ड की डीडीएम मिनाक्षी मीणा, कृषि उपज मंडी सचिव अंजू जाटव, राजीविका के डीपीएम राहुल, डीएसओ विनोद जुनेजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here