More
    Homeराजस्थानअलवरसेवा शिविरों का निरीक्षण करने पहुंचे जिला प्रभारी सचिव, लाभार्थियों को बांटे...

    सेवा शिविरों का निरीक्षण करने पहुंचे जिला प्रभारी सचिव, लाभार्थियों को बांटे पट्टे और चेक

    ग्रामीण सेवा शिविर और शहरी सेवा शिविर में अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

    अलवर। जिला प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग रवि जैन ने मंगलवार को रामगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत केसरोली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा नगर निगम एवं यूआईटी में आयोजित शहरी सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने और प्राप्त परिवेदनाओं का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला भी मौजूद रहीं।

    निरीक्षण के दौरान जिला प्रभारी सचिव ने प्रत्येक स्टॉल पर दी जा रही सेवाओं और सुविधाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शिविरों में आने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक को योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए तथा समस्याओं का समाधान बिना अनावश्यक देरी के किया जाए।

    शहरी सेवा शिविर में दिए विशेष निर्देश

    नगर निगम में आयोजित शिविर के निरीक्षण के दौरान रवि जैन ने प्रत्येक स्टॉल पर रजिस्टर संधारित करने, शिविर में आने वाले लोगों के कार्य प्राथमिकता से करने तथा कच्ची बस्तियों में मुनादी कराकर अधिक से अधिक लोगों को आवासीय पट्टे बनवाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने पालनहार योजना के लिए आवश्यक अध्ययन प्रमाण पत्र भी शिविर में ही जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मौके पर उपस्थित फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

    लाभार्थियों को मिले चेक, पट्टे और दस्तावेज

    जिला प्रभारी सचिव ने विभिन्न योजनाओं के तहत कई लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, पट्टे एवं अन्य दस्तावेज वितरित किए। सौकीन को व्हीलचेयर, सचिन वर्मा को हियरिंग एड, सोनदेई को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर की चाबी, नन्नू नायक को शौचालय निर्माण सहायता राशि का चेक, पिंकी एवं अफरोज को लाडो प्रोत्साहन योजना का चेक तथा नसरूदीन और नसीब खां को गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना के तहत सहायता राशि प्रदान की गई।

    इसके अलावा शकुंतला देवी और काजल को आयुष्मान कार्ड, हाकमदीन एवं साहब खान को पीएम सूर्य घर योजना की सब्सिडी का चेक तथा चेतराम, हीरालाल और रतनलाल को भूमि बंटवारे से संबंधित दस्तावेज सौंपे गए। यूआईटी शिविर में श्रीमती शकुन्तला और शक्ति सिंह को आवासीय पट्टे प्रदान किए गए, जबकि नगर निगम शिविर में पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी दस्तावेज वितरित किए गए।

    शिविरों के व्यापक प्रचार पर दिया जोर

    रवि जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी दिनों में आयोजित होने वाले ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराकर प्रशासन को अधिक जनोन्मुखी बनाना है।

    इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रविंद्र, यूआईटी सचिव स्नेहल नाना धाईगुडे, एडीएम प्रथम योगेश डागुर, डीएफओ राजेन्द्र हुड्डा, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, एसडीएम माधव भारद्वाज, तहसीलदार अंकित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here