More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशग्वालियर में ‘रन फॉर OTF’ मैराथन के दौरान युवाओं का प्रदर्शन, कांग्रेस...

    ग्वालियर में ‘रन फॉर OTF’ मैराथन के दौरान युवाओं का प्रदर्शन, कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी

    ग्वालियर: भर्ती परीक्षाओं में बार-बार ली जाने वाली फीस के खिलाफ और 'वन टाइम फीस' (OTF) व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को युवा कांग्रेस द्वारा 'रन फॉर OTF' मैराथन का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे मेला ग्राउंड से शुरू होकर यह मैराथन गोला का मंदिर, हजीरा और सेवा नगर होते हुए फूलबाग मैदान पर समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा और छात्र इसमें शामिल हुए, लेकिन मैराथन के बीच ही पहुंचे युवाओं द्वारा कांग्रेस विरोधी नारे लगाने से माहौल गरमा गया।

    स्मार्ट मीटर को बताया महाघोटाला, ऊर्जा मंत्री पर साधा निशाना

    मैराथन में शामिल होने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने बिजली कंपनियों द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए इसे आम जनता को लूटने की सोची-समझी योजना करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मीटरों को एक ही जगह से नियंत्रित (मैन्युपलेट) किया जाता है, जिससे उपभोक्ताओं के बिल सवा गुना से लेकर दोगुने तक बढ़ गए हैं। पटवारी ने तंज कसते हुए कहा कि विभागीय मंत्री झाड़ू लगाने और गटर साफ करने जैसी गतिविधियों में व्यस्त हैं, लेकिन मीटरों के नाम पर हो रहे इस बड़े भ्रष्टाचार को साफ करने में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है।

    'एक फीस-अनेक परीक्षा' से कम होगा छात्रों पर 40 हजार का आर्थिक बोझ

    कार्यक्रम के समापन पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भान चिब और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने परीक्षाओं के भारी-भरकम आवेदन शुल्क का मुद्दा उठाया। नेताओं ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान वन टाइम फीस (OTF) का वादा किया था, जिसे अब तक पूरा नहीं किया गया। उन्होंने राजस्थान का उदाहरण देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में भी ऐसी ही व्यवस्था लागू होनी चाहिए। पटवारी ने दावा किया कि बार-बार फॉर्म भरने के चक्कर में एक छात्र पर सालाना करीब 40 हजार रुपये तक का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है, जो मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के लिए एक बड़ी मुसीबत बन चुका है।

    ग्वालियर से पूरे मध्य प्रदेश में आंदोलन छेड़ेगी युवा कांग्रेस

    इस मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने ग्वालियर की धरती से एक बड़े प्रदेशव्यापी आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। संगठन के नेताओं ने एलान किया है कि आने वाले दिनों में युवाओं के हक के लिए पूरे प्रदेश में पदयात्राएं, मशाल जुलूस और जन-जागरण अभियान चलाए जाएंगे। इस पूरे आयोजन के दौरान कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह, पंकज उपाध्याय, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, प्रियव्रत सिंह और सचिन यादव समेत ग्वालियर-चंबल अंचल के कई बड़े नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here